गुजरात में नाबालिग को इस्लाम अपनाने के लिए बहलाने-फुसलाने के आरोप, मौलवी समेत तीन गिरफ्तार
गुजरात के मेहसाणा में एक नाबालिग लड़की को इस्लाम अपनाने और शादी के लिए बहलाने-फुसलाने के आरोप में मौलवी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के मेहसाणा में नाबालिग लड़की को इस्लाम अपनाने के लिए बहलाने-फुसलाने और विवाह कराने की कोशिश की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में अब्दुल संधि, शाकिर पठान और आसिफ कव्वाली शामिल हैं। नामजद एक और व्यक्ति की अभी गिरफ्तारी होनी बाकी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग 24 अक्टूबर को लापता हो गई थी। उसकी मां ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। नाबालिग को कथित तौर पर पठान उनावा ले गया था। ऐसा उसने अब्दुल के कहने पर किया था। वह उस दूसरी लड़की का चाचा है, जो नाबालिग के साथ दरगाह गई थी।
मौलवी से मिलवाया गया था
अधिकारी ने बताया कि कि कथित तौर पर इन दोनों लड़कियों को उनावा की दरगाह में मौलवी आसिफ कव्वाली से मिलवाया गया था। उसने नाबालिग लड़की को हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने के लिए राजी कर लिया। कव्वाली ने उसे बुर्का पहनाया और नमाज पढ़वाई। साथ ही उसे नया नाम भी दिया।
दोनों लड़कियां दो दिनों तक दरगाह में रहीं। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उन्हें ढूंढ निकाला और सुरक्षित बचा लिया। मौलवी कथित तौर पर नाबालिग लड़की की शादी साकिर पठान से कराने की योजना बना रहा था।