'चुप्पी को कमजोरी न समझें', गुजरात चुनाव से पहले पाटीदार नेताओं में जुबानी जंग
गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेताओं में तनातनी बढ़ गई है। भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी को कमजोरी न समझने की चेतावनी दी, जिस पर पूर्व सहयोगी विपुल पटेल ने पलटवार किया।

पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेताओं में तनातनी
HighLights
गुजरात चुनाव से पहले पाटीदार नेताओं में तनातनी शुरू हुई।
हार्दिक पटेल ने अपनी चुप्पी को कमजोरी न समझने को कहा।
विपुल पटेल ने हार्दिक के बयान पर तीखा पलटवार किया।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात में पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेताओं में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तनातनी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने जहां इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी ना समझें। उधर भाजपा से जुड़े एवं हार्दिक के पूर्व सहयोगी विपुल पटेल ने कहा है कि अभी तो चिंगारी भड़की है और चूहे बिलबिलाने लगे।
गुजरात में वर्ष 2015 में हुए पाटीदार आरक्षण आंदोलन के दौरान हार्दिक पटेल,दिनेश बामणिया, विपुल पटेल, अल्पेश कथीरिया, धार्मिक मालवीया, अतुल पटेल,आदि कई पाटीदार युवा मिलकर आंदोलनरत थे। आंदोलन की समाप्ति के बाद ये नेता अलग-अलग राजनीतिक दल व संस्थाओं से जुड़ गये।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अब इन युवा नेताओं के बीच बहस छिड़ गई है। भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने सूरत के पाटीदार नेता अल्पेश व धार्मिक मालवीया के साथ वाला एक फोटो पोस्ट कर कहा कि हमारी चुप्पी को कमजोरी ना समझा जाए। ये तीनों किसी स्टेडियम में खड़े नजर आते हैं, कथीरिया व मालविया ने भी हार्दिक की पोस्ट को साझा किया और लिखा कि हमें इतिहास के हर पन्ने पर नाम लिखने का शौक नहीं है।
उधर भाजपा नेता विपुल पटेल ने भी इंटरनेट मीडिया पर अपनी एक फोटो पोस्ट कर संदेश में लिखा कि अभी तो चिंगारी भड़की है चूहे बिलबिलाने लगे हैं। इन चूहों के लिए सभी दरवाजे बंद होने वाले हैं।