गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के सवर्ण युवाओं पर विवादित बयान को लेकर आक्रोश, शिकायत दर्ज
पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के खिलाफ मैला उठाने संबंधी विवादित बयान को लेकर अमरेली पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।

शंकरसिंह वाघेला के खिलाफ पुलिस में शिकायत।
HighLights
पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के खिलाफ शिकायत दर्ज।
मैला उठाने संबंधी विवादित बयान पर पुलिस जांच।
बयान पर राज्यभर में तीखी प्रतिक्रियाएं आईं।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। ब्राह्मण, बनिया, पटेल समाज के युवाओं को मैला उठाने पर 50 हजार रुपये दिलाने वाले बयान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के खिलाफ अमरेली पुलिस को एक शिकायत मिली है। पुलिस अधीक्षक संजय खरात ने इसकी पुष्टी करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री वाघेला ने गत शुक्रवार को नर्मदा जिले के सागबारा में आयोजित आदिवासी सम्मेलन में दलित व आदिवासियों को मिल रहे आरक्षण का समर्थन करते हुए इसका विरोध करने वाले अनारक्षित वर्ग के युवाओं से कहा था कि वो सिर पर मैला उठाने का काम करें तो उन्हें 50 हजार रुपये दिला सकते हैं।
वाघेला के बयान पर आई तीखी प्रतिक्रिया
वाघेला के इस बयान पर राज्यभर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, सरदार पटेल ग्रुप के अध्यक्ष लालजी पटेल, खोडलधाम ट्रस्टी दिनेश बामणिया, ब्रम्हसमाज के अध्यक्ष यज्ञेश दवे के अलावा हिंदूवादी नेता काजल हिंदुस्तानी ने भी वाघेला के बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे जातिगत वैमनस्य के लिए उकसाने वाला माना।
जांच के बाद कार्यवाही करेंगे- पुलिस
अमरेली के मांगवाल गांव निवासी अरविंद भाई काछडिया ने मेल कर अमरेली में वाघेला के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक संजय खरात ने बताया कि घटना नर्मदा जिले की है, इस मामले में पुलिस निरीक्षक से शिकायत की कॉपी मंगाई है पुलिस जांच के बाद कार्यवाही करेंगे।
