विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गरबा ड्रेस में आम महिलाएं या पुलिस? अहमदाबाद में नवरात्रि पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

By Shatrughan SharmaEdited By: Sakshi Gupta
Published: Wed, 14 Oct 2026 11:34 PM (IST)

अहमदाबाद में नवरात्रि गरबा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।

यूनिफॉर्म गरबा ड्रेस में तैनात महिला पुलिसकर्मी (फोटो- महिला पुलिस अहमदाबाद)

यूनिफॉर्म गरबा ड्रेस में तैनात महिला पुलिसकर्मी (फोटो- महिला पुलिस अहमदाबाद)

HighLights

  1. महिला पुलिसकर्मी गरबा ड्रेस में सुरक्षा के लिए तैनात।

  2. साइबर अपराध, डीपफेक से बचने हेतु जागरूकता अभियान।

  3. सीसीटीवी और एआई से शहर में कड़ी निगरानी।

शत्रुघ्‍न शर्मा, अहमदाबाद। नवरात्री पर्व के दौरान गरबा स्‍थलों व शहर में देर रात तक महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती है। गरबा स्‍थलों व शहर में अब महिला पुलिस गरबा ड्रेस में भी तैनात की गई हैं ताकि असामाजिक तत्‍वों व अपराधियों को ऑन स्‍पॉट पकड़ा जा सके।

महिला पुलिस ने पर्व से पहले गरबा क्‍लास, सोसायटी में युवतियों के साथ युवकों को भी जागरुक किया ताकि वे किसी तरह के कानूनी पचड़े में नहीं फंस जाएं। इंटरनेट अकाउंट व डेटिंग साइट के माध्‍यम से होने वाले साइबर अपराध को लेकर भी पुलिस सतर्क है।

गरबा ड्रेस में तैनात पुलिस

अहमदाबाद के 49 पुलिस थाना क्षैत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की शी टीम तैनात हैं जो शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौराहों अथवा गरबा स्‍थलों पर सादा वर्दी तथा गरबा ड्रेस में भी तैनात हैं।

गरबा स्‍थलों पर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध को रोकने के लिए महिला पुलिस ने नवरात्री के पहले से स्‍कूल, कॉलेज, गरबा क्‍लासेज, सोसायटी आदि में जागरुकता कार्यक्रम किये।

इसमें महिलाओं की सुरक्षा के साथ, युवाओं को नशे से दूर रहने, इंटरनेट मीडिया पर साइबर अपराध से बचने की सलाह दी। साथ ही बताया कि शहर व गरबा स्‍थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से हर जगह निगरानी होगी अगर किसी तरह का अपराध करते पकड़े गये तो कानूनी कार्यवाही होगी।

कानून के डर के साथ युवाओं को बताया कि एक बार पुलिस केस हो गया तो सरकारी नौकरी नहीं लगेगी और कभी विदेश भी नहीं जा सकेंगे। महिलाओं को अपने फोटो व वीडियो पारिवारिक ग्रुप में ही शेयर करने की नसीहत दी ताकि डीपफेक वीडिया, फोटो मॉर्फ जैसे अपराध से बच सकें।

Gujarat Police (1)

गरबा स्‍थलों पर भी युवतियों के फोटो, वीडियो लिए जा सकते हैं और मोबाइल नंबर देने पर बाद में युवतियों को ऑनलाइन पीछा करने-स्‍टॉलकिंग, ट्रोलिंग जैसे साइबर अपराध का भी सामना करना पड़ सकता है।

पुलिस उपायुक्‍त हिमाला जोशी ने बताया कि करीब 300 महिला पुलिसकर्मी यूनिफॉर्म व गरबा ड्रेस में गरबा शुरु होने से लेकर पूरा होने तक महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहती हैं। इसके अलावा शहर के सभी पुलिस थानों के पुलिसकर्मी, गश्‍तीदल, अपराध शाखा के साथ साइबर टीमें भी शी टीम ऑपरेशन में मदद कर रही हैं।

स्‍पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीमें ब्रेथ एनालाइजर व अन्‍य साधनों के साथ गरबा स्‍थल व चौराहों पर मौजूद रहकर नशा करने वालों की जांच करती हैं। इससे पहले महिला पुलिस ने शहर के सभी पुलिस थानों के डार्क स्‍पॉट ठीक कराए जो सुनसान अथवा अंधेरे वाले स्‍थान थे।

25 हजार सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस चप्‍पे चप्‍पे की निगरानी कर रही है, गरबा स्‍थल व चौराहों के 5 हजार सीसीटीवी की फीड सीधे कंट्रोल रूम को जाती है, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस तुरंत मदद पहुंचा सके। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का भी पुलिस सुरक्षा के लिए प्रयोग कर रही है।

यह भी पढ़ें- नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आसाराम की याचिका पर 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई