यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gujarat News: भारतीय मछुआरों के अपहरण के आरोप में पाकिस्तानी नौसेना के जवानों पर गुजरात में प्राथमिकी दर्ज
Gujarat News गुजरात तट के पास अरब सागर में सात भारतीय मछुआरों के कथित अपहरण और हत्या के प्रयास के ...और पढ़ें

पोरबंदर, एजेंसी। Gujarat News: गुजरात तट के पास अरब सागर में सात भारतीय मछुआरों के कथित अपहरण और हत्या के प्रयास के आरोप में पुलिस ने 20-25 पाकिस्तानी नौसेना के जवानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना छह अक्टूबर को शाम पांच बजे के उस समय हुई, जब हर्सिद्धि नाम की एक भारतीय नाव पर सवार सात चालक दल के सदस्य जखाउ तट पर भारतीय जल में मछली पकड़ रहे थे।
जानें, क्या है मामला
प्रेट्र के मुताबिक, पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी की नाव पर सवार 20-25 वर्दीधारी जवानों ने 'पीएमएसए बरकत 1060' नाम की नाव पर भारतीय नाव पर अकारण गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने नाव को नष्ट कर दिया और मछुआरों का अपहरण कर उन्हें अपने जहाज पर ले गए। मछुआरों को डंडे से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपित व्यक्तियों ने मछुआरों का एक वीडियो भी रिकार्ड किया और धमकी के बाद उन्हें छोड़ दिया। पोरबंदर के पुलिस अधीक्षक रवि मोहन सैनी ने कहा कि मछुआरों को बचा लिया गया और शुक्रवार को भारतीय तटरक्षक नौका द्वारा गुजरात के कच्छ जिले के जखाऊ बंदरगाह पर लाया गया। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी जखाऊ में दर्ज की गई और पोरबंदर जिले के एक पुलिस स्टेशन नवीबंदर में स्थानांतरित कर दी गई, जिसका क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र गुजरात तट से 12 समुद्री मील से अधिक है।
मछुआरे की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 365 (अपहरण), 427 (नुकसान पहुंचाना), 324 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 506 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। सैनी ने कहा कि भारतीय नाव टकराने के कारण डूब गई और हमारे पास इसके निर्देशांक का पता लगाने के लिए जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) नहीं है। एक मछुआरे की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि स्पेशल आपरेशन ग्रुप सब इंस्पेक्टर मामले की जांच कर रहा है।
