विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Murder In Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Wed, 03 Nov 2021 03:53 PM (IST)Updated: Wed, 03 Nov 2021 04:38 PM (IST)

Murder In Ahmedabad बुजुर्ग दंपती की लूट के इरादे से धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

गुजरात के अहमदाबाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या। फाइल फोटो
गुजरात के अहमदाबाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात में अहमदाबाद के पाश इलाके घाटलोडिया में एक बुजुर्ग दंपती की लूट के इरादे से धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त उनकी पौत्री दीपावली की खरीदारी करने बाजार गई हुई थी। अहमदाबाद का घाटलोडिया इलाका मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के विधानसभा क्षेत्र में आता है। 90 वर्ष के दयानंद भाई व उनकी 80 वर्षीय पत्नी विजयालक्ष्मी पारस मणि अपार्टमेंट के 11 नंबर मकान में रहते हैं। उनके पुत्र किरण गांधीनगर के अडालज में रहते हैं। धनतेरस के दिन मंगलवार की शाम को करीब छह बजे उनकी पौत्री रितु बाजार में दिवाली की खरीदारी करने निकली थी। इसी दौरान लुटेरों ने मौका पाकर घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर चाकू से वार कर दिया। दयानंद कमरे में बिस्तर पर बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी आराम कुर्सी में बैठी थी। दोनों की धारदार हथियार व चाकू से गला काट कर हत्या कर दी गई।

सीनियर सिटिजन की इस तरह ली जान

सेक्टर आठ के संयुक्त पुलिस आयुक्त आर्मी सारी के मुताबिक, सीनियर सिटिजन की हत्या लूट के इरादे से होने की आशंका है। पुत्र किरण व पौत्री को जब इस वारदात की जानकारी दी गई तो वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस इस वारदात को लूट के इरादे से की गई हत्या के रूप में देख रही है, लेकिन विजया लक्ष्मी के शरीर पर गहने ज्यों के त्यों होने की वजह से पुलिस को अभी इस मामले में कई आशंकाएं हैं। पुलिस का मानना है कि मार्च, 2021 में हेबत पूरा इलाके में भी इसी तरह एक वृद्ध दंपती की हत्या कर दी गई थी। यह घटना मध्य प्रदेश की गिरोह द्वारा किए जाने की आशंका है। हत्या के कुछ देर पहले फ्लैट नंबर आठ पर एक फूड डिलीवरी ब्वाय के आने की जानकारी मिली है। जबकि फ्लैट नंबर आठ के मालिक ने कोई आर्डर नहीं दिया था। इससे पुलिस को शंका है कि फूड डिलीवरी के बहाने फ्लैट नंबर 11 की रेकी की गई होगी। पुलिस की जानकारी में आया है कि वृद्ध दंपती की हत्या हुई, उस घर में मेडिकल स्टोर का कोई कर्मचारी आया था। उससे पहले सोसायटी के सदस्यों ने उनसे रीडेवलपमेंट के सहमति पत्र पर दस्तखत के लिए भेजा, लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला था। पुलिस ने जब मेडिकल स्टोर के कर्मचारी से इस घटना के बारे में जानकारी मांगी तो उसने बताया कि शाम को करीब छह बजे उसने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया।

अहमदाबाद में पहले भी हो चुकी हैं इस तरह की कई घटनाएं

इसके बाद उसने उनके पुत्र किरण को मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। जब पड़ोसियों ने वृद्ध दंपती को आवाज लगाई तो इसके बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कुछ महिलाओं ने दरवाजा खोल कर अंदर देखा तो उन्हें दोनों पति-पत्नी लहूलुहान हालत में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पौत्री रीतु सदमे के चलते बेहोश हो गई। अहमदाबाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार चोरी व लूट के इरादे से बुजुर्ग दंपती की हत्याएं हुई हैं। पुलिस विभाग तथा अहमदाबाद शहर पुलिस सीनियर सिटीजन की सुरक्षा के लिए कई बार अभियान चला चुकी है। इसके अलावा पुलिस ने सीनियर सिटीजन को एक विशेष फोन नंबर भी दिया है, ताकि उन्हें किसी भी वस्तु व सुरक्षा की जरूरत हो तो वह सीधे काल कर पुलिस की मदद ले सकते हैं। अहमदाबाद में होने वाले अपराध की घटनाओं में अधिकांश मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल आदि के गिरोह का हाथ पाया जाता रहा है।