पीएम मोदी ने किया एकता नगर के 'वर्षा वन' का लोकार्पण, 220 मीटर लंबे ग्लास स्काईवाक से दिखेगा जंगल का रोमांच
एकता नगर में प्रधानमंत्री मोदी ने 12 एकड़ में फैले 'वर्षा वन' का लोकार्पण किया है, जो पर्यटकों के लिए नया आकर्षण है।

एकता नगर में प्रकृति का नया रोमांच। (फोटो-जागरण)
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में 'वर्षा वन' का लोकार्पण किया।
12 एकड़ में फैला यह वन कृत्रिम बारिश और हरियाली से युक्त।
220 मीटर लंबा कांच का स्काईवाक पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। क्या आप ऐसे जंगल में घूमना चाहेंगे, जहां मौसम चाहे जो हो, फुहारें आपका हमेशा स्वागत करेंगी। जहां झरनों का आकर्षण, पेड़ों की हरियाली और कांच के पार दिखाई देती जंगल की गहराई आपको रोमांचित करेगी।
गुजरात में नर्मदा जिले के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने पहुंच रहे पर्यटकों के लिए अब वर्षा वन एक नया आकर्षण बनकर तैयार है। 12 एकड़ में फैले इस अनूठे वन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दिनों ही लोकार्पण किया है।

यहां कृत्रिम बारिश, सैकड़ों प्रजातियों के पेड़-पौधे और 220 मीटर लंबा कांच का स्काईवाक आपको अलग ही रोमांच का अनुभव कराएगा। प्रकृति प्रेमियों और नई जगहें तलाशने के शौकीन लोगों के लिए यह एक ऐसा डेस्टिनेशन है, जहां घूमने के साथ प्रकृति को महसूस करने का अवसर भी मिलेगा।
वर्षा वन में कदम रखते ही आपको किसी प्राकृतिक जंगल में पहुंचने का अहसास होगा। चारों ओर फैली हरियाली, झरनों और फव्वारों से गिरता पानी तथा कृत्रिम बारिश का अनुभव इस जगह को खास बनाता है।
यहां पश्चिमी घाट, हिमालय और अंडमान-निकोबार समेत देश के अलग-अलग क्षेत्रों से लाए गए 450 से अधिक प्रजातियों के करीब 60 हजार सदाबहार पेड़-पौधे लगाए गए हैं।
-1795788642819.webp)
यानी एक ही जगह आपको देश की विविध वनस्पतियों की झलक मिलेगी। जंगल के बीच बने रास्तों, पुलों और तालाबों से गुजरते हुए आप इस प्राकृतिक परिवेश को करीब से देख सकेंगे। बच्चों के लिए रेन फारेस्ट इंफार्मेशन सेंटर भी है, जहां जंगल, पर्यावरण और जैव विविधता के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
आसमान में चलने जैसा रोमांच
वर्षा वन का सबसे खास आकर्षण है 220 मीटर लंबा गोलाकार स्काईवाक । 35 एमएम मोटाई के 132 कोरियन ग्लास पैनलों से तैयार इस रास्ते पर चलते हुए नीचे फैले जंगल की गहराई और चारों ओर का प्राकृतिक नजारा रोमांचित करेगा। यहां से स्टैच्यू आफ यूनिटी को भी करीब से निहार सकते हैं। तस्वीरें और सेल्फी लेने के शौकीनों के लिए भी यह खास जगह है।
दो दिन में घूमिए एकता नगर
एकता नगर आएं तो यात्रा को केवल वर्षा वन तक सीमित न रखें। पहले दिन वर्षा वन और स्काईवाक के साथ स्टैच्यू आफ यूनिटी की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा तथा उसकी व्यूइंग गैलरी देख सकते हैं। इसके बाद वैली आफ फ्लावर्स और सरदार सरोवर बांध के नजारे आपकी यात्रा को और खूबसूरत बनाएंगे।
शाम को प्रतिमा पर होने वाला लेजर शो और नर्मदा घाट की आरती देखना न भूलें। दूसरे दिन नर्मदा नदी में क्रूज या उपलब्धता के अनुसार रिवर राफ्टिंग का आनंद लें।
जंगल और वन्यजीवों में रुचि है तो जू तथा पक्षी घर भी देख सकते हैं। फ्लावर वैली, कैक्टस गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन और पास की वामन वृक्ष वाटिका को भी यात्रा में शामिल किया जा सकता है। इस तरह दो दिन प्रकृति, रोमांच, इतिहास और स्थानीय संस्कृति के नाम कर सकते हैं।
-1795788669627.webp)
बच्चों के लिए सीख, बड़ों के लिए सुकून
यहां की यात्रा परिवार के लिए भी खास हो सकती है। बच्चे पेड़-पौधों, पक्षियों और वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे। आदिवासी परिवारों के होम स्टे में रहकर स्थानीय संस्कृति और खानपान से परिचित होने का अवसर मिलेगा। आदिवासी युवतियों के रेडियो कार्यक्रम और स्थानीय व्यंजन भी इस यात्रा को यादगार बना सकते हैं।
ऐसे पहुंचें और यहां ठहरें
एकता नगर से सबसे नजदीकी हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन वडोदरा में है। अहमदाबाद से भी रेल और सड़क मार्ग से पहुंच सकते हैं। एकता नगर रेलवे स्टेशन से वर्षा वन और अन्य पर्यटन स्थलों तक टैक्सी, कैब, ई-रिक्शा, पिंक आटो और इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध हैं।
स्थानीय भ्रमण के लिए साइकिल भी ले सकते हैं। ठहरने के लिए होटल, टेंट सिटी, बजट होटल और रेलवे स्टेशन पर आइआरसीटीसी के वातानुकूलित कमरे उपलब्ध हैं। आदिवासी परिवारों के होम स्टे में रहकर स्थानीय जीवन को करीब से जान सकते हैं। यहां गुजराती थाली और पारंपरिक आदिवासी व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।