यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gujarat Politics: नवसारी में सीआर पाटिल ने किया शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस पर साधा निशाना
Gujarat Politics गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल अपने गढ नवसारी में दीपावली स्नेहमिलन व रैली का आयोजन कर जहां शक्ति ...और पढ़ें

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस पूरी तरह खाली है और भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की फौज है। पाटिल ने कटाक्ष में कहा कि कहीं सुना है कि कांग्रेस का दीपावली स्नेहमिलन भी हुआ है। उधर, कांग्रेस ने 14 नवंबर से जनजागरण यात्रा का ऐलान किया है, जिसमें कांग्रेस नेता गांधी टोपी पहनकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। पाटिल अपने गढ नवसारी में दीपावली स्नेहमिलन व रैली का आयोजन कर जहां अपना शक्ति प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस पर भी सीधा हमला करते हुए कहा कि भाजपा की देखादेखी अब कांग्रेस भी पेज कमेटी को समझना चाहती है लेकिन उसके पास कार्यकर्ता ही नहीं हैं। कांग्रेस के दीपावली मिलन की बात कहीं सुनाई भी नहीं देती। वहां पार्टी एक को राजी करती है तो 13 नेता नाराज हो जाते हैं। भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की फौज है, भाजपा की हर जीत के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत है। पाटिल ने आगामी विधानसभा चुनाव में एक रिकार्ड कायम करने का आह्वान किया।
स्नेहमिलन के बहाने भाजपा के निशाने पर कांग्रेस
गौरतलब है कि नवसारी लोकसभा सीट पाटिल ने देश में सबसे अधिक मतों छह लाख 89 हजार 668 के अंतर से जीता था। उन्हें इस सीट पर करीब नौ लाख 73 हजार मत मिले थे। पाटिल की जीत के फार्मूले से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है और पाटिल ने खुले तौर पर गुजरात की सभी 182 सीट जीतने का ऐलान भी कर रखा है। पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में जनता को विश्वास है, इसलिए भाजपा चुनाव भी जीत जाती है। पाटिल ने कहा कि नमो एप के जरिए केंद्र सरकार की करीब 440 जनहितकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाएं। समारोह में प्रदेश महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने बताया कि भाजपा प्रदेश में 440 स्नेहमिलन कर चुकी है, जबकि कांग्रेस के स्नेहमिलन की कहीं कोई चर्चा भी नहीं है।
नेहरू जयंती से जनजागरण यात्रा करेगी कांग्रेस
गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए गुजरात के नेताओं से संवाद कर सभी जिलों में जनजागरण यात्रा निकालने पर चर्चा की। शर्मा आगामी 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर 14 नवंबर से जनजागरण यात्रा की शुरुआत करेंगे, यह यात्रा 29 नवंबर तक चलेगी। प्रभारी ने कांग्रेस के जिलाध्यक्षों से इस दौरान कांग्रेस का सदस्यता अभियान भी चलाने के निर्देश दिए हैं। रघु शर्मा खुद प्रदेश के हर जिले में पहुंचकर संगठन को मजबूत करने तथा सदस्यता अभियान के कामकाज को देखेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी शर्मा को प्रदेश प्रभारी का जिम्मा गहलोत की मर्जी से ही मिला है। गुजरात में कांग्रेस को जिताना उनका एकमात्र लक्ष्य है, इसलिए शर्मा अब गुजरात में डेरा डालेंगे।
