'तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा', ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अभिजीत दीपके की चेतावनी
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र पुलिस पर कार्यकर्ताओं को दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया है।

तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा।
HighLights
सीजेपी नेता दीपके ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं को रोकने का आरोप लगाया।
ज्ञानेश कुमार को न हटाने पर देश को जंतर-मंतर बनाने की चेतावनी।
मुख्यमंत्री फडणवीस पर पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र पुलिस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान करने और 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को न हटाया गया, तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा।
मंगलवार को मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दीपके ने कहा कि चंद्रपुर पुलिस ने सीजेपी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर उनसे दिल्ली जाने और आंदोलन में शामिल होने को लेकर पूछताछ की है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि वह ‘योगी आदित्यनाथ 2.0’ क्यों बनना चाहते हैं।
कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया जाना दुखद- दीपके
दीपके ने कहा कि वह कई बार महाराष्ट्र पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बलों में से एक बता चुके हैं, लेकिन चंद्रपुर में कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया जाना दुखद है। उनके अनुसार, पुलिस ने नोटिस में प्रस्तावित आंदोलन के हिंसक होने की आशंका जताई है और कार्यकर्ताओं से दिल्ली जाने के लिए धन के स्रोत के बारे में भी पूछा है।
पुलिस को कैसे पता चल गया कि प्रदर्शन हिंसक होगा- दीपके
उन्होंने सवाल किया कि आंदोलन से पहले ही पुलिस को कैसे पता चल गया कि प्रदर्शन हिंसक होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति चंद्रपुर से दिल्ली जा रहा है तो महाराष्ट्र पुलिस को इससे क्या लेना-देना है? दीपके ने दावा किया कि राजस्थान में भी स्थानीय सीआईडी ने एक व्यक्ति को इसी तरह का नोटिस दिया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधते हुए दीपके ने कहा कि महाराष्ट्र की अपनी राजनीतिक और सामाजिक विरासत रही है। पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को कार्रवाई करनी है तो उन्हें गिरफ्तार करे, लेकिन कार्यकर्ताओं को परेशान न किया जाए।
ज्ञानेश कुमार को नहीं हटाया गया तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा- दीपके
बता दें कि सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर नए आंदोलन की घोषणा की है। दीपके ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया गया तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा।
उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के नारे पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार का वास्तविक उद्देश्य ‘वन नेशन, वन पॉलिटिकल पार्टी’ है।
दीपके ने महाराष्ट्र में आदिवासी छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राहुल पवार पर पुलिस कार्रवाई का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मुंबई में आदिवासी छात्रों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। पवार अच्छे शिक्षा अवसरों के लिए आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए।
