गुजरात की दो और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव घोषित
By elections in Gujarat. गुजरात की दो और विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की घोषणा कर दी है। इनमें हाई प्रोफाइल राधनपुर व बायड सीटें शामिल हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। निर्वाचन आयोग ने गुजरात की दो और विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की घोषणा कर दी है। इनमें हाई प्रोफाइल राधनपुर व बायड सीटें शामिल हैं। अब तक देश के विभिन्न राज्यों की 66 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव की घोषणा हो चुकी है।
राधनपुर सीट से ठाकोर समाज के नेता अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, जबकि बायड से इसी पार्टी के धवलसिंह झाला विजयी रहे थे। हालांकि, कांग्रेस नेताओं से मनमुटाव के कारण राज्य की राज्यसभा सीटों पर हुए उप चुनाव के बाद ठाकोर व झाला ने पार्टी व विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। शनिवार को राज्य की चार विधानसभा सीटों पर उप चुनाव की घोषणा कर दी गई थी, लेकिन ये बाकी रह गई थीं।
इन सीटों के लिए हरियाणा व महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के साथ ही 21 अक्टूबर को मतदान होगा। समस्तीपुर लोकसभा सीट व 64 विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की अधिसूचना 23 सितंबर को जारी होगी।