विजय रूपाणी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
विजय रूपाणी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
अहमदाबाद, [जेएनएन] । गुजरात में आज विजय रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण कार्यक्रम गांधीनगर के सचिवालय ग्राउंड पर आज यानि मंगलवार की सुबह शुरू हुई। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल हुए हैं।
गुजरात में आज विजय रुपाणी की अगुवाई वाली भाजपा की नई सरकार गांधीनगर में शपथ ली है। रूपाणी के शपथग्रहण समारोह में पीएम मोदी के अलावा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद हैं। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे हैं। केंद्र के कई बड़े मंत्री भी शामिल हुए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद हैं।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी देखने को मिली। उधर, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण से पहले रुपाणी अपनी पत्नी अंजलि के संग पंचदेव मंदिर के दर्शन करने पहुंचे, जहां दोनों ने पूजा-अर्चना की।
जानकारी हो कि, राज्य में भाजपा की यह लगातार छठी सरकार बनने जा रही है और बतौर मुख्यमंत्री रुपाणी दूसरी बार शपथ लेने जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा, 'पार्टी की ओर से विभिन्न धर्मों के संतों और गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है। राज्यपाल ओपी कोहली रुपाणी और पटेल के अलावा कबीना स्तर के छह से नौ सदस्यों को भी शपथ दिलाएंगे। करीब 15 राज्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि पिछली सरकार के अधिकांश वरिष्ठ नेता मंत्री परिषद की शपथ ले सकते हैं। विधानसभा चुनाव में पिछली सरकार के छह मंत्री पराजित हुए हैं। पार्टी ने 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के हाल ही में संपन्न चुनाव में 99 सीटें जीती हैं।