Gujarat Assembly Election 2022: भाजपा और कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए तय किए उम्मीदवारों नाम
भाजपा के मीडिया प्रभारी यग्नेश दवे ने गढवी कोआप का सीएम चेहरा घोषित करने के बाद चुटकी लेते हुए एक ट्वीट किया। लिखा कि गोपु आप के अध्यक्ष गोपाल ईटालिया को अब पता चल गया होगा कि उसके पुराने वीडियो कौन निकाल निकाल कर शेयर करवा रहा था।

जेएनएन, नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 43 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पहली सूची को मंजूरी दी गई। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बैठक में आनलाइन शामिल हुईं। अन्य नेता व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।
कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी की
पहली सूची के अनुसार, सांसद अमीबेन याज्ञिक को घाटलोडिया से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के खिलाफ टिकट दिया गया है। गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया को पोरबंदर, हिमांशु पटेल को गांधीनगर दक्षिण और हितेशभाई वोरा को राजकोट दक्षिण से चुनाव मैदान में उतारा गया है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने लगभग 60 और उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। आलाकमान से हरी झंडी मिलते ही उनकी घोषणा की जाएगी। कांग्रेस अपने सांसदों को भी चुनाव मैदान में उतार सकती है।
भाजपा ने भी तय किए नाम
गुजरात भाजपा ने शुक्रवार को गांधीनगर, मेहसाणा, अमरेली, बोटाद, अहमदाबाद, भावनगर, खेडा, पंचमहाल, नवसारी, भरूच, जामनगर और देवभूमि द्वारका की 58 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया। गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं चुनाव समिति के सदस्य शेष 77 नामों की सूची पर शनिवार को चर्चा करेंगे। गुरुवार को 47 नाम तय किए गए थे। केंद्रीय संसदीय बोर्ड को संभावित उम्मीदवारों के नाम भेजे जाएंगे। बोर्ड ही उम्मीदवारों की घोषणा करेगा।
कांग्रेस के 100 उम्मीदवारों के नाम तय
कांग्रेस के मुख्य पर्यवेक्षक अशोक गहलोत, पार्टी प्रभारी रघु शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकोर की मौजूदगी में कांग्रेस के करीब एक सौ उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। इनमें बड़ी संख्या में वर्तमान विधायक शामिल हैं। कांग्रेस कई वरिष्ठ नेताओं के साथ सांसद एवं पूर्व मंत्री नारण राठवा, पूर्व मंत्री तुषार चौधरी और सांसद शक्ति सिंह गोहिल को भी चुनाव मैदान में उतारने की योजना बना रही है। पार्टी ने अपने सभी विधायकों को टिकट देने की पहले ही घोषणा कर दी थी।
आप नेता इन्द्रनील राजगुरु नाराज
आप के राष्ट्रीय सचिव ईसुदान गढवी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाने से राजकोट के पूर्व विधायक एवं पार्टी के संयुक्त सचिव इन्द्रनील राजगुरु नाराज हो गये हैं। आप के मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा के दौरान वे यहां मौजूद नहीं थे, राजगुरु शनिवार को अहमदाबाद में मुख्यमंत्री केजरीवाल से मिलकर अपनी बात रखेंगे।
भाजपा ने ली चुटकी
भाजपा के मीडिया प्रभारी यग्नेश दवे ने गढवी कोआप का सीएम चेहरा घोषित करने के बाद चुटकी लेते हुए एक ट्वीट किया। लिखा कि गोपु आप के अध्यक्ष गोपाल ईटालिया को अब पता चल गया होगा कि उसके पुराने वीडियो कौन निकाल निकाल कर शेयर करवा रहा था। घर का भेदी लंका …… उधर आप के सीएम चेहरे की घोषणा के बाद ईटालिया बधाई संदेश देते हुए भूल से यह बोल गये थे कि मेरे मन में एक वेदना थी। खुशी के मौके पर वेदना प्रगट करने के बाद ईटालिया इंटरनेट मीडिया पर खूब ट्रोल हो रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।