विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bharatsinh Solanki: युवती के साथ रंगे हाथ धरे गए कांग्रेस नेता भरत सोलंकी कुछ दिनों तक रहेंगे राजनीति से दूर, रचाएंगे तीसरी शादी

By Piyush KumarEdited By:
Published: Sat, 04 Jun 2022 03:42 AM (IST)

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरतसिंह सोलंकी पत्नी से चल रहे विवाद और एक लड़की के घर पर रंगे हाथ पकड़े ...और पढ़ें

बाद कुछ माह के लिए सक्रिय राजनीति से अलग रहेंगे भरतसिंह सोलंकी। (फाइल फोटो)
बाद कुछ माह के लिए सक्रिय राजनीति से अलग रहेंगे भरतसिंह सोलंकी। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरतसिंह सोलंकी पत्नी से चल रहे विवाद और एक लड़की के घर पर रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद कुछ माह के लिए सक्रिय राजनीति से अलग रहेंगे। सोलंकी ने निजी जिंदगी में दखल पर एतराज जताया। शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हर चुनाव से पहले उनको निशाने पर लिया जाता है। भाजपा का नाम लिए बिना सोलंकी ने कहा कि विरोधियों के खिलाफ समाज में माहौल बनाने के इरादे से यह किया गया।

उनका दावा है कि करीब 15 साल से वे अपनी पत्नी रेशमा से अलग रह रहे हैं। हालांकि, वे पत्नी का सभी खर्च उठाते हैं। सोलंकी ने कहा कि उनके कोरोना संक्रमित होने के दौरान रेशमा लगातार उनकी संपत्ति अपने कब्जे में करने की जुगत में रही। सोलंकी ने कहा कि सक्रिय राजनीति से दूर रहने के समय वे ओबीसी, दलित, अल्पसंख्यक व पिछड़ी जातियों को एकजुट करने में व्यस्त रहेंगे।

तीसरी शादी रचाएंगे सोलंकी

बताते चलें कि पहली पत्नी से तलाक होने के बाद 1999 में सोलंकी ने रेशमा के साथ दूसरी शादी की थी। सोलंकी ने कहा कि पत्नी से अब उनका कोई संबंध नहीं है। उससे तलाक लेने के बाद तीसरी बार शादी रचाएंगे। उन्होंने कहा, रेशमा ने कांग्रेस आलाकमान को उन्हें अध्यक्ष नहीं बनाने के लिए पत्र लिखा। अध्यक्ष पद पर किसी और की नियुक्ति हो गई तो प्रचार समिति या मुख्यमंत्री का उम्मीदवार नहीं बनाने को पत्र लिखा।

रेशमा ने सोलंकी को युवती के साथ रंगे हाथ पकड़ा

बता दें कि भरत सिंह सोलंकी को उनकी पत्नी रेशमा पटेल ने एक युवती के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया था। रेशमा का कहना है उनके पति की करतूतों से कांग्रेस को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है, फिर भी पार्टी आलाकमान चुप है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के पुत्र भरत सिंह का पत्नी रेशमा पटेल के साथ विवाद चल रहा है। दोनों अलग रहते हैं। बीती शाम रेशमा ने भरत सिंह को किसी युवती के साथ देखा और उनका पीछा करते हुए आणंद के आश्रय बंगलो पहुंच गई। दरवाजे पर पत्नी रेशमा को देखकर भरत सिंह बिफर गए तथा उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। इसी बीच, रेशमा ने बंगले में मौजूद एक युवती को पकड़कर उसे कहा कि उसका पति जब उसका नहीं हुआ तो वह उसके पीछे अपना जीवन क्यों खराब कर रही है। यह युवती एक कांग्रेस कार्यकर्ता की पुत्री बताई जाती है।