गुजरातः अमित ठाकोर बोले, अल्पेश ठाकोर व धवल सिंह झाला भाजपा में होंगे शामिल
Amit Thakor. गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के अमित ठाकोर के मुताबिक पूर्व कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह झाला जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे।
अहमदाबाद, एएनआइ। गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के अमित ठाकोर ने सोमवार को कहा है कि पूर्व कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह झाला जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे, हमें पार्टी की विचारधारा पर विश्वास है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ने वाले पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर जल्द ही भाजपा में शामिल होने का एलान कर सकते हैं।
कर्नाटक व गोवा के बाद गुजरात में भी भाजपा को, कांग्रेस छोड़ने वाले विधायकों का साथ मिल सकता है। धवल सिंह झाला ने बताया कि अल्पेश राधनपुर से व वे खुद बायड से ही उपचुनाव लड़ेंगे। अल्पेश की उत्तर भारतीय विरोधी छवि को लेकर भाजपा में कुछ नेता असमंजस में हैं। संघ से जुड़े नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी को भविष्य में नुकसान उठाना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इसी के चलते अल्पेश का अभी तक भाजपा में प्रवेश नहीं हो पाया है।
बहुचराजी से कांग्रेस विधायक भरत ठाकोर के भी भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। वहीं, जूनागढ़ से विधायक भिखाभाई जोशी भी कांग्रेस आलाकमान से नाराजगी जाहीर कर चुके हैं। जूनागढ़ महानगर पालिका चुनाव में उनके विरोधियों को टिकट देने से जोशी नाराज बताए जा रहे हैं।