विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमित शाह ने अहमदाबाद में दी 1,024 करोड़ की सौगात, कहा- 2028 तक गुजरात को बनाएंगे नशामुक्त

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:19 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में ₹1,024 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने गुजरात को 31 ...और पढ़ें

अमित शाह का अहमदाबाद दौरा

अमित शाह का अहमदाबाद दौरा

HighLights

  1. अमित शाह ने अहमदाबाद में ₹1,024 करोड़ की परियोजनाएं शुरू कीं।

  2. गुजरात को 31 दिसंबर 2028 तक नशामुक्त बनाने का लक्ष्य।

  3. जनता, शिक्षकों, अभिभावकों से नशामुक्ति में सहयोग की अपील।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जनता के सक्रिय सहयोग के बिना केवल सरकारों के प्रयासों से ड्रग्स की समस्या खत्म नहीं की जा सकती। उन्होंने लोगों से विशेष हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से अधिकारियों को इसके सेवन और बिक्री की सूचना देने की अपील की।

वह सोमवार को अहमदाबाद में 1,024 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

शाह ने कहा कि भारत को नशामुक्त बनाने के लिए 31 दिसंबर 2029 की समय सीमा तय की गई है, लेकिन गुजरात को 31 दिसंबर 2028 तक ही यह लक्ष्य हासिल कर लेने की आवश्यकता है। नशीले पदार्थों का सेवन हमारे युवाओं और भावी पीढ़ियों को खोखला कर देता है।

यह युवाओं के मस्तिष्क, शरीर, सोचने-समझने की क्षमता और इंद्रियों को नुकसान पहुंचाकर देश के भविष्य को कमजोर करता है। इसके अलावा मादक पदार्थों के कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में सफल रही है, लेकिन अब भी वह निष्क्रिय नहीं बैठ सकती। हमारा लक्ष्य 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त भारत बनाना है। चूंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मैं दोनों गुजरात से हैं, इसलिए हमें 2029 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि गुजरात 31 दिसंबर 2028 से काफी पहले नशामुक्त हो जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को सतर्क रहना चाहिए और किसी छात्र के व्यवहार में बदलाव दिखने पर इसकी सूचना देनी चाहिए। ऐसे बदलावों में आंखें लाल होना, कक्षा में सोना या पढ़ाई में ध्यान न लगा पाना शामिल है। शिक्षकों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे छात्रों की जांच कराई जाए और अभिभावकों को भी किशोर उम्र के बच्चों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान शाह ने अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर में अहमदाबाद नगर निगम की विभिन्न नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत आवास आवंटन के लिए कम्प्यूटरीकृत ड्रा भी निकाला गया और पौधरोपण अभियान चलाया गया। नशामुक्ति अभियान से जुड़ी ये घोषणाएं शनिवार को अहमदाबाद में शाह की अध्यक्षता में हुई कानून-व्यवस्था संबंधी उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद की गई है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।