गुजरात: क्लासमेट को I Love You लिखना पड़ा भारी, चौथी क्लास के बच्चे की पिटाई पर टीचर सस्पेंड
अहमदाबाद के ब्राइट इंग्लिश स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र को 'आई लव यू' नोट देने पर पीटने का आरोप ...और पढ़ें
-1790166273169_m.webp)
चौथी कक्षा के छात्र ने सहपाठी को 'आई लव यू' नोट दिया।
HighLights
चौथी कक्षा के छात्र ने सहपाठी को 'आई लव यू' नोट दिया।
नोट देने पर छात्र को पीटने का आरोप, परिजनों ने शिकायत की।
स्कूल ने आरोपों को नकारा, सीसीटीवी फुटेज और जांच का हवाला।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के ब्राइट इंग्लिश स्कूल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल की प्रिंसिपल और टीचर पर एक चौथी क्लास के छात्र को पीटने का आरोप है। दरअसल चौथी कक्षा के छात्र ने अपनी ही क्लास की एक लड़की को 'आई लव यू' लिखा नोट दिया था, जिसके बाद ये मामला सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 19 सितंबर की है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने हाथ से आई लव यू लिखा हुआ एक नोट अपनी ही क्लास की एक लड़की की तरफ फेंका। परेशान होकर लड़की रोते हुए टीचर के पास गई और लड़के की शिकायत की।
स्कूल के डायरेक्टर के मुताबिक टीचर ने पहले वो नोट फाड़कर फेंक दिया और फिर छात्र को डांटा। लेकिन इसके बाद भी जब छात्रा परेशान रही तो मामला प्रिंसिपल तक पहुंचा और इसके बाद छात्र की मां को स्कूल बुलाया गया।
परिजनों का स्कूल प्रबंधन पर आरोप
बच्चे की मां शुरू में स्कूल स्टाफ से बात करके घर लौट गई थीं, लेकिन कुछ देर बाद वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वापस आईं। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि उनके बच्चे को बुरी तरह पीटा गया जिससे उसे कई चोटें आईं थीं।
परिवार वाले आपातकालीन एम्बुलेंस बुलाकर बच्चे को मेडिकल जांच के लिए एलजी अस्पताल ले गए और इसके बाद रामोल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और मैनेजमेंट और स्टाफ पर बुरी तरह शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोस्वामी और मौर्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।
स्कूल प्रबंधन ने आरोप किए खारिज
स्कूल प्रबंधन ने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए डायरेक्टर इंद्रजीत मौर्य ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में बच्चा ऑफिस से सामान्य हालत में बाहर निकलता और गलियारे में दौड़ता हुआ दिख रहा है।
मौर्य ने कहा कि आरोप झूठे हैं, फिर भी मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है। स्कूल डायरेक्टर ने छात्र के परिवार पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने मामला दबाने और पुलिस कार्रवाई न करने के एवज में पहले 25 लाख रुपए और बाद में 5 लाख रुपए की मांग की थी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस मामले की जांच कर रही है, पुलिस ने मामले से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां मौजूद स्टाफ और छात्रों के बयान दर्ज कर रही है।
