गुजरात: राजकोट के मैकडॉनल्ड्स स्टोर में ग्राहकों के बीच टेबल पर दौड़ते दिखे चूहे, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा छापा
राजकोट के एक मैकडॉनल्ड्स स्टोर में ग्राहकों के बीच मेजों पर चूहों के घूमने का वीडियो वायरल हुआ है, जिससे खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।
डिजिटल डेस्क, राजकोट। गुजरात के राजकोट में ग्रीनलैंड चौकड़ी के पास स्थित मशहूर मैकडॉनल्ड्स स्टोर में घोर लापरवाही का एक मामला सामने आया है। स्टोर के डाइनिंग एरिया में जहां ग्राहक बैठकर खाना-पीना खाते हैं वहां मेजों और कुर्सियों पर चूहों के बेखौफ घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना से ग्राहकों में भारी गुस्सा है और खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो बड़े चूहे ग्राहकों के बैठने और खाना खाने की मेजों और बैठने की जगह पर दौड़ रहे हैं। इस दृश्य को एक सतर्क ग्राहक ने अपने मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड किया। वीडियो में स्टोर काउंटर पर मैककैफे का बोर्ड और मेनू भी साफ दिखाई दे रहा है, जिससे पुष्टि होती है कि यह मैकडॉनल्ड्स है।
स्थानीय नागरिकों में गुस्सा
इस तरह रेस्तरां के अंदर चूहों की बेरोक-टोक आवाजाही ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए सीधा खतरा है। जब चूहे जैसे जीव भोजन या मेज-कुर्सियों के संपर्क में आते हैं तो लेप्टोस्पाइरोसिस, साल्मोनेला और खाद्य विषाक्तता जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और भोजन प्रेमियों में काफी हैरानी और गुस्सा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा छापा
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजकोट नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और ग्रीनलैंड चौकड़ी स्थित मैकडॉनल्ड्स स्टोर पर छापा मारकर गहन जांच शुरू की। स्वास्थ्य विभाग की पूछताछ के दौरान, स्टोर मैनेजर ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बचने के लिए यह कहकर अपना बचाव किया कि चूहे पास के एक निर्माण स्थल से स्टोर में घुस आए थे।
इस पूरे मामले में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयेश वंकानी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि वीडियो ग्रीनलैंड चौकड़ी के पास स्थित मैकडॉनल्ड्स का है और हमारी टीम वहां पहुंच गई है, और इस वीडियो और आसपास की स्थिति को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
