अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हनी ट्रैप का रैकेट चलाने वाली महिला पुलिस थाने की पूर्व इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार
कुछ युवक युवतियों के साथ मिलकर वह फेसबुक के जरिए धनी व संभ्रांत परिवार के लोगों से संपर्क करते तथा मेलजोल बढ़ा कर शारीरिक संबंध स्थापित करते हैं तथा बाद में उन्हें छेड़खानी दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने शहर में हनी ट्रैप का रैकेट चलाने वाली महिला पुलिस थाने की पूर्व इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ युवक युवतियों के साथ मिलकर वह फेसबुक के जरिए धनी व संभ्रांत परिवार के लोगों से संपर्क करते तथा मेलजोल बढ़ा कर शारीरिक संबंध स्थापित करते हैं तथा बाद में उन्हें छेड़खानी, दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते। अपराध शाखा महिला ब्रांच की सहायक पुलिस आयुक्त मिनी जोसेफ को गत दिनों एक शिकायत मिली जिसमें पूर्व महिला पुलिस निरीक्षक पर अहमदाबाद में हनी ट्रैप का रैकेट चलाकर धनी व संभ्रांत परिवार के लोगों से लाखों रुपए ऐंठने के आरोप लगाए गए थे।
पूर्व पुलिस निरीक्षक गीता पठान को इस रैकेट की सूत्रधार माना जा रहा है। कुछ साल पहले वर्ष 2014 में नौकरी पर रहने के दौरान रिश्वत लेने के मामले में भी गीता के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने गीता को गिरफ्तार किया था। मार्च 2021 में पुलिस ने जितेंद्र उर्फ़ जीतू मोदी, बिपिन परमार तथा इनकी गेंग की दो युवतियों को गिरफतार किया था। इस मामले में हुई जांच तथा आरोपियों के बयानों के बाद अपराध शाखा ने गीता पठान को भी गुरुवार को हनी ट्रैप का रैकेट चलाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
गीता गैंग में शामिल लड़कियों के जरिए धनी लोगों को फंसाती तथा बाद में उन्हें उम्रकैद की सजा तथा समाज में बदनामी का डर दिखाकर उनसे लाखों रुपए ऐंठती। पुलिस विभाग में काम कर चुकी गीता को कानून की बारीकियां पता थी तथा विभाग में भी उसके कई संपर्क थे जिनका भय दिखाकर वह लोगों को ठगा करती थी। पुलिस को अपने विभाग में कार्यरत कर्मचारियों पर भी हनी ट्रैप रैकेट में गीता पठान की मदद करने का शक है। हाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।