Gujarat Congress में अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के इस्तीफे के बाद जानें किन नामों पर चर्चा, हार्दिक पटेल भी कतार में
कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी के इस्तीफे के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में कई नामों को लेकर चर्चा जोरों पर है। बता दें कि गुजरात में आगामी फरवरी माह में स्थानीय निकाय चुनाव होने की संभावना है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे परेश धनानी के इस्तीफे के बाद से विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में शैलेश परमार, पूजा वंश और अश्विन कोटवाल के नामों की अटकलें लगने लगी हैं। धनानी के स्थान पर इनमें से किसी एक को चुने जाने की चर्चा जोरों पर है। दूसरी तरफ गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा के इस्तीफे के बाद से नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए अर्जुन मोढवाडिया और जगदीश ठाकुर के नाम की चर्चा हो रही है। तो वहीं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर हार्दिक पटेल को भी प्रमोट करने की बात सामने आ रही है। सुनने में आया है कि पार्टी हाईकमान हार्दिक पटेल को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर गुजरात में पार्टी कमान की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
भरत सिंह सोलंकी तथा शक्ति सिंह गोहिल यह दो बड़े नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में होंगे। गुजरात में आगामी फरवरी माह में स्थानीय निकाय चुनाव होने की संभावना है। उससे पहले कांग्रेस के अध्यक्ष व नेता विपक्ष का इस्तीफा निश्चित तौर पर कार्यकर्ताओं के लिए हताशा भरा होगा नए संगठन की रचना करके भारतीय जनता पार्टी जैसे सुगठित संगठन से मुकाबला करना कांग्रेस के लिए आसान नहीं होगा । गुजरात की 6 महानगर पालिका अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर में भावनगर के साथ 33 जिला पंचायत तथा करीब डेढ़ सौ नगर पालिकाओं के चुनाव फरवरी 2021 में होने हैं।
गौरतलब है कि गुजरात कांग्रेस के लिए मुसीबतों का पहाड़ खड़ा हुआ है, राज्यसभा चुनाव से पहले आठ कांग्रेस विधायक पार्टी को अलविदा कह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। ज्ञात हो कि अभी हाल ही में हुए उपचुनाव में कांग्रेस एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पायी है। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा तैयारियों में जुट चुकी है तो वहीं कांग्रेस की चिंता बढ़ती जा रही है। ऐसे संकट के समय में कांग्रेस के नए अध्यक्ष के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है, कि पहले वह संगठन को खड़ा करे या चुनावी जंग में फतह हासिल करें।
गुजरात उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद से ही कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे परेश धनानी इस्तीफा देने के मन बना चुके थे। दोनों ने राज्य के पार्टी प्रभारी राजीव सातव का बुधवार को अपना इस्तीफा दे दिया था। नवंबर माह में आठ सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आते ही गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए आलाकमान के सामने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी, जबकि इससे पहले हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने छह सीटों में से तीन पर विजय हासिल की थी।