गुजराती एक्टर निकला वॉन्टेड मर्डरर हेमंत मोदी, नाम बदलकर 12 साल तक किया फिल्मों में काम; कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 2005 के नरोदा मर्डर केस के वांटेड आरोपी हेमंत मोदी को गिरफ्तार किया। वह पैरोल जंप ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 2005 के नरोदा मर्डर केस के वांटेड आरोपी हेमंत मोदी को अहमदाबाद के घी कांटा मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी का पूरा प्रोफाइल सामने आया तो पुलिस खुद हैरान रह गई। मर्डर का दोषी आरोपी ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘जयेशभाई जोरदार’ जैसी बड़ी फिल्मों में काम कर चुका था।
वॉन्टेड आरोपी हेमंत मोदी गिरफ्तार
हेमंत मोदी उर्फ स्पंदन मोदी पर 2005 में अहमदाबाद के नरोदा इलाके में एक बेरहमी से की गई हत्या का आरोप था। कोर्ट ने उसे दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और मेहसाणा जेल भेज दिया गया। जेल में रहते हुए हेमंत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। पूरी जिंदगी जेल में बिताने के डर से उसने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। वर्ष 2014 में उसे कोर्ट से पैरोल मिली, लेकिन जेल लौटने के बजाय उसने हमेशा के लिए फरार होने का फैसला कर लिया।
12 साल तक बदली पहचान
पैरोल जंप कर वह सीधा मुंबई पहुंच गया और ‘स्पंदन मोदी’ नाम से नई पहचान बना ली। वहां उसने अपने आपराधिक अतीत को पूरी तरह छिपा लिया और एक स्ट्रगलिंग आर्टिस्ट के रूप में फिल्मी दुनिया में एंट्री कर ली। पिछले 12 साल से वह मुंबई में घूम-घूमकर ड्रामा और फिल्मों में काम कर रहा था। इंटरनेट डेटाबेस में भी उसकी फिल्मों में ‘स्पंदन मोदी’ नाम ही दर्ज है।
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
अहमदाबाद पुलिस की टीम को इस बात की कोई भनक नहीं थी कि उम्रकैद का दोषी कैदी पिछले एक दशक से मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय है। आखिरकार लंबी छानबीन के बाद क्राइम ब्रांच को सफलता मिली और हेमंत मोदी को अहमदाबाद लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की असली जिंदगी किसी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है। फरार होने के बाद उसने न केवल अपनी पहचान बदली बल्कि पूरी तरह नया जीवन शुरू कर दिया था। इस मामले की जांच जारी है।
