सिटी की खिताबी जीत की उम्मीदों को फिर लगा झटका, ईपीएल में वोल्वरहैंप्टन ने 3-2 से हराया
मैनचेस्टर सिटी को वोल्वरहैंप्टन के खिलाफ 2-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
वोल्वरहैंप्टन, एएफपी। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में हुए एक बेहद नाटकीय मुकाबले में मौजूदा चैंपियन मैनचेस्टर सिटी को वोल्वरहैंप्टन के खिलाफ 2-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी जहां सिटी के गोलकीपर एंडरसन को विरोधी टीम के खिलाड़ी की राह में आने की वजह से रेड कार्ड दिखाकर बाहर किया गया। इस हार के साथ ही सिटी की खिताबी की रक्षा करने की उम्मीदों को झटका लगा।
दो गोल की बढ़त लेने के बावजूद मिली इस हार के बाद सिटी के मैनेजर पेप गॉर्डियोला ने भी स्वीकार किया कि उनकी टीम की खिताबी जीत की उम्मीदें बिखरी गई हैं। खेल के 12वें मिनट में ही सिटी के गोलकीपर एंडरसन को रेफरी ने रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर किया। तब गॉर्डियोला ने सर्जियो अग्यूरो को बाहर बुलाकर स्थानापन्न गोलकीपर क्लाउडियो ब्रावो को मैदान में उतारा। 10 खिलाडि़यों तक सिमटने के बावजूद रहीम स्टर्लिग (25वें व 50वें मिनट) ने दोनों हाफ में गोल करके सिटी को 2-0 की बढ़त दिलाई।
पहले हाफ में उन्हें दो बार पेनाल्टी किक पर गोल करने का मौका मिला। पहले वोल्वरहैंप्टन के गोलकीपर ने उनकी कोशिश को बेकार कर दिया लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी की मदद से दोबारा सिटी को पेनाल्टी मिली। दूसरी बार भी स्टर्लिग की किक को रोक लिया लेकिन गेंद छिटककर स्टर्लिग के आगे आई जिसे उन्होंने गोल में तब्दील किया। इसके बाद उन्होंने दूसरे हाफ की शुरुआत में चिप किक के जरिये सिटी को दोहरी बढ़त दिलाई।
हालांकि दूसरे हाफ में सिटी की मुश्किलें बढ़ती चली गईं। खेल के 55वें मिनट में एडामा ट्राओरे के गोल ने वोल्वरहैंप्टन को वापसी दिलाई। इसके बाद राउल जिमेनेज ने निर्धारित समय से आठ मिनट पहले गोल करके वोल्वरहैंप्टन को बराबरी दिलाई जबकि 89वें मिनट में मैट डोहार्टी ने गोल करके अपने घरेलू दर्शकों में उर्जा का संचार भर दिया। इंजुरी टाइम में स्टर्लिग की फ्री किक गोल पोस्ट के ऊपरी हिस्से से लगकर पीछे चली गई और सिटी को शिकस्त झेलनी पड़ी।
हार के बाद गॉर्डियोला ने कहा कि हमेशा गोल को बचाया जा सकता है लेकिन कभी-कभी यह थका देता है। 10 खिलाडि़यों के साथ बचने के लिए बहुत ये सारे मिनट थे। इस नतीजे पर कोई पछतावा नहीं है। इन्होंने 80 मिनट तक हार टालने के लिए सब कुछ किया लेकिन यह मुश्किल था। इस हार के साथ तीसरे स्थान पर बरकरार सिटी अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज लिवरपूल से 14 अंक पिछड़ गया। मौजूदा सत्र में सिटी के खराब प्रदर्शन का सबसे ज्यादा फायदा वोल्वरहैंप्टन ने उठाया है। अक्टूबर में उसने सिटी को एतिहाद स्टेडियम में 2-0 से हराया था। 1960/61 के बाद पहली बार उसने मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ एक सत्र में दो जीत दर्ज की है।