यूरो 2020 चैंपियनशिप: रोनाल्डो ने किया करियर का 699वां गोल, पुर्तगाल को मिली जीत
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर का कुल 699वां गोल दागा।
पेरिस, एएफपी। यूरो 2020 चैंपियनशिप के क्वालीफायर के ग्रुप-बी में पुर्तगाल ने लुक्सेमबर्ग को 3-0 से हरा दिया जहां पुर्तगाली स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर का कुल 699वां गोल दागा।
लिसबॉन में खेले गए इस मुकाबले में बेनार्डो सिल्वा ने 16वें मिनट में गोल करके पुर्तगाल को शुरुआती बढ़त दिलाई। हाफ टाइम तक पुर्तगाल एक गोल से आगे रहा। वहीं 65वें मिनट में जुवेंटस के स्टार स्ट्राइकर रोनाल्डो ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के कुल गोल की संख्या 94 पहुंचा दी। इसके बाद निर्धारित समय से एक मिनट पहले गोंकालो ग्यूडिस ने गोल करके पुर्तगाल को आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ पुर्तगाल (11 अंक) ग्रुप तालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार रहा लेकिन अभी भी वह शीर्ष पर काबिज यूक्रेन (16 अंक) से पांच अंक पीछे है। ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में यूक्रेन ने लिथुएनिया को 2-0 से हराया जहां विजेता टीम के लिए रुसलान मालिनोवस्की ने दोनों गोल किए। अब पुर्तगाल का सामना यूक्रेन से कीव में होगा जहां दोनों टीमों की निगाहें अगले साल होने वाली यूरो चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने पर होंगी।
चेक गणराज्य से हारा इंग्लैंड
पेरिस। इंग्लैंड की फुटबॉल टीम को चेक गणराज्य के हाथों 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी जिसकी वजह से यूरो 2020 के लिए जल्दी क्वालीफाई करने का एक मौका उसके हाथ से निकल गया। ग्रुप-ए में शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड को हैरी केन ने पांचवें मिनट में पेनाल्टी किक के जरिये गोल करके बढ़त दिलाई। क्वालीफायर में यह केन का कुल सातवां गोल रहा। हालांकि इंग्लैंड के गोल के चार मिनट बाद ही जैकब ब्राबेक (नौवें मिनट) ने गोल करके चेक गणराज्य को बराबरी दिलाई। वहीं स्थानापन्न जेनेक ओंड्रासेक (85वें मिनट) ने अपने पदार्पण मुकाबले में चेक गणराज्य के लिए निर्णायक गोल दागा।
इस गोल ने इंग्लैंड के 43 मैचों से चले आ रहे एक दशक लंबे अजेय क्रम को तोड़ा। क्वालीफायर में पिछले महीने इंग्लैंड ने चेक गणराज्य को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी लेकिन इस बार उसे शिकस्त खानी पड़ी। ग्रुप-ए में इंग्लैंड और चेक गणराज्य के 12-12 अंक हैं लेकिन चेक गणराज्य ने इंग्लैंड से एक मैच ज्यादा खेला है। ऐसे में इंग्लैंड अगले मुकाबले में जीत के साथ अगले साल होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर सकता है। अक्टूबर 2009 में इंग्लैंड को किसी क्वालीफायर मुकाबले में पिछली बार हार मिली थी। तब उसे यूक्रेन ने 1-0 से हराया था
जिरॉड के गोल से जीता फ्रांस
पेरिस। ग्रुप-एच में विश्व चैंपियन फ्रांस ने आइसलैंड को 1-0 से हरा दिया जहां विजेता टीम की ओर से ओलिवर जिरॉड ने खेल के 66वें मिनट में मुकाबले का इकलौता गोल दागा। चेल्सी के लिए खेलने वाले जिरॉड अब फ्रांस के लिए दूसरे सर्वाधिक गोल करने के मामले में माइकल प्लाटिनी (41) से महज चार गोल पीछे हैं। ग्रुप-एच में फ्रांस और तुर्की के 18-18 अंक हैं और सोमवार को इन दोनों के बीच मुकाबले में अगर दिदिएर डेसचैंप्स की फ्रांसिसी टीम ने जीत हासिल की तो वह अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर सकती है। तुर्की ने भी अपने सातवें मुकाबले में अल्बेनिया को 1-0 से हराया। उधर इस ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में एंडोरा ने माल्डोवा को 1-0 से हराकर यूरोपीयन क्वालीफायर के इतिहास में पहली जीत दर्ज की।
----------------