Move to Jagran APP

फीफा विश्व कप 2018 : मोरक्को से मुकाबले के लिए रोनाल्डो तैयार

पुर्तगाल का अगला मुकाबला मोरक्को के साथ होगा।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Tue, 19 Jun 2018 06:59 PM (IST)Updated: Wed, 20 Jun 2018 05:22 PM (IST)
फीफा विश्व कप 2018 : मोरक्को से मुकाबले के लिए रोनाल्डो तैयार
फीफा विश्व कप 2018 : मोरक्को से मुकाबले के लिए रोनाल्डो तैयार

मास्को, एएफपी। फीफा विश्व कप में बुधवार को जब पुर्तगाल की टीम मोरक्को के खिलाफ अपने दूसरे मुकाबले में लुुज्हानिकी स्टेडियम में उतरेगी तब उसके सुपर स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की निगाहें स्पेन के खिलाफ अपने प्रदर्शन को दोहराने पर होगी। वहीं, मोरक्को की टीम 1986 विश्व कप में किए गए अपने प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

loksabha election banner

ग्र्रुप-बी के पिछले मुकाबले में चार विश्व कप खेलने वाले रोनाल्डो की हैट्रिक की बदौलत पुर्तगाल ने स्पेन के खिलाफ 3-3 से मुकाबला ड्रॉ खेला था। वह रोनाल्डो के करियर की 51वीं हैट्रिक थी, जबकि विश्व कप के इतिहास में भी यह 51वां मौका था जब किसी खिलाड़ी ने हैट्रिक बनाई थी। इस खास मुकाम को हासिल करने के बाद रोनाल्डो ने कहा था कि मैं बेहद खुश हूं, इस तरह के व्यक्तिगत रिकॉर्ड पाकर अच्छा लगता है। मेरे लिए सबसे अहम यह था कि हमारी टीम ने विश्व कप की प्रबल दावेदार टीम में से एक के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया। 

जीत से बनेगी बात : 2016 यूरो कप का खिताब जीतने के बावजूद पुर्तगाल की टीम रूस विश्व कप में खिताब की प्रबल दावेदार टीमों में से एक नहीं है। हालांकि, मोरक्को के खिलाफ फर्नांडो सांतोस की टीम जीत के साथ अंतिम-16 में अपने पहुंचने का रास्ता साफ कर सकती है। पुर्तगाल के स्ट्राइकर आंद्रे सिल्वा ने कहा कि हम मोरक्को से ज्यादा ताकतवर हैं, लेकिन मैं यह नहीं कह रहा कि मुकाबला आसान होगा। हम उसे (मोरक्को) हल्के में नहीं ले सकते और हम अपने किसी भी विरोधी टीम का आदर करते हैं। विश्व कप में कोई भी मुकाबला आसान नहीं होता है। 

बदले की बारी : अब से पहले सिर्फ एक मौके पर विश्व कप में पुर्तगाल और मोरक्को का आमना-सामना हुआ है। 1986 विश्व कप में ग्रुप चरण पर मोरक्को ने पुर्तगाल को 3-1 से हराया था। ऐसे में पुर्तगाल के पास 32 साल पहले मिली उस हार का बदला लेने का मौका होगा। हालांकि, इसके लिए पुर्तगाल को सिर्फ रोनाल्डो पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पिछले मुकाबले में उन्होंने हैट्रिक लगाकर टीम को हारने से बचा लिया था, लेकिन अब टीम के दूसरे खिलाडिय़ों को सांतोस की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।

हल्के में ना लेना : हालांकि, मोरक्को को हल्के में नहीं लिया जा सकता। मोरक्को ने क्वालीफाइंग मुकाबलों में अपने खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दिया था और 20 वर्षों बाद विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया था। मोरक्को को अपने पहले मुकाबले में अजीज बोहांदोज के इंजुरी टाइम में किए गए आत्मघाती गोल की बदौलत ईरान के खिलाफ 0-1 से शिकस्त मिली थी। ईरान के खिलाफ मिली हार के लिए मोरक्को के कोच हेर्वे रेनार्ड ने उनकी टीम की गलतियों को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई है कि उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर पुर्तगाल के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।  मोरक्को को अगर पुर्तगाल के खिलाफ हार मिली तो उसके लिए विश्व कप में आगे का सफर यही थम जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि रेनार्ड इस मुकाबले में मोरक्को को चार डिफेंडरों के साथ उतारेंगे। यानी टीम अपने डिफेंस पर ध्यान देगी। साथ ही यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि क्वालीफाइंग मुकाबलों में अहम भूमिका निभाने वाले खालिद बुतैब को अयूब अल काबी की जगह मैदान पर उतारा जाएगा जिनका पिछले मुकाबले में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। 

पुर्तगाल

रुइ पेट्रीसियो, सेड्रिक सोरेस, पेपे, जोस फोंटे, राफेल ग्वेरेरो, विलियम, जोआओ मौतिन्हो, बर्नार्डो सिल्वा, जोओ मारियो, आंद्रे सिल्वा, क्रिस्टियानो रोनाल्डो

कोच : फर्नांडो सांतोस

मोरक्को :

मोनिर एल काजौइ, अचरफ हाकीमी, घानेम सैस, मेहदी बेनातिया, हमजा मेंडेल, करीम अल अहमदी, हाकिम जियाच, एमबार्क बोसौफा, युनूस बेलहांडा, नोर्डडाइन अमराबत, खालिद बोटाइब।

कोच : हेर्वे रेनार्ड 

नंबर गेम

-02 मुकाबले विश्व कप में अब तक मोरक्को ने जीते हैं। अब तक यह टीम पांच विश्व कप में 14 मुकाबले खेल चुकी है

-1986 विश्व कप में मोरक्को ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। 24 टीमों के उस आयोजन में मोरक्को ने 11वां स्थान हासिल किया था

-07वां विश्व कप खेल रही है पुर्तगाल की टीम। 1966 के आयोजन में इस टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया था। 2006 में पुर्तगाल चौथे स्थान पर रहा था

फीफा रैंकिंग 

पुर्तगाल - 4

मोरक्को - 41

पिछले मैच में प्रदर्शन

पुर्तगाल 3-3 स्पेन

मोरक्को 1-0 ईरान

विश्व कप में आमने-सामने

मैच 01

पुर्तगाल जीता 00

मोरक्को जीता -01


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.