FIFA World Cup 2026: रोमांचक मुकाबले में नॉर्वे ने सेनेगल को दी मात, अगले दौर के लिए किया क्वालिफाई
इर्लिंग हालैंड के दो गोल की मदद से नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के ...और पढ़ें

नॉर्वे ने दी सेनेगल को मात
HighLights
इर्लिंग हालैंड ने नॉर्वे के लिए दो गोल दागे
नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से रोमांचक मुकाबले में हराया
टीम ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इर्लिंग हालैंड के दो गोल के दम पर नॉर्वे ने मंगलवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-आई के मैच में सेनेगल को 3-2 से हरा दिया। ये नॉर्वे की लगातार दूसरी जीत है और उसने अगले दौर में जगह बना ली है।
इस जीत के बाद नॉर्वे और फ्रांस दोनों के छह-छह अंक हो गए हैं। इस मैच से पहले फ्रांस ने भी इराक को 3-0 से मात दी है और वह भी अगले दौर में पहुंच गई है।
पहले हाफ में हुआ एक गोल
पहले हाफ में दोनों टीमों ने काफी कोशिशें की, लेकिन एक ही गोल हो सका। ये गोल किया नॉर्वे के मार्कस पेडरसन ने। नॉर्वे की टीम शुरू से ही हावी थी, लेकिन उसे सफलता 43वें मिनट में जाकर मिली। यहां भी गलती सेनेगल के डिफेंस की थी। कालीदाउ काउलीबेली गेंद को अपने काबू में रख नहीं पाए। उनकी गलती का मार्कस ने फायदा उठाते हुए पेनाल्टी एरिया से गेंद को नेट में डाल दिया। ये गोल 43वें मिनट में आया और नॉर्वे ने हाफ टाइम का अंत 1-0 की बढ़त के साथ किया।
दूसरे हाफ में बरसे गोल
पहला हाफ जितना शांत रहा दूसरे हाफ में उतनी ही उथलपुथल देखने को मिली। यहां एक तरह से गोलों की बारिश सी हो गई। दूसरे हाफ में तीन मिनट का समय ही निकला था कि हालैंड ने अपना खाता खोल नॉर्वे के लिए दूसरा गोल कर दिया। मार्टिन ओडेगार्ड ने उन्हें पास दिया जिसे उन्होंने गोलपोस्ट के कॉर्नर में डालते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। यहां सेनेगल ने तुरंत वापसी की। पांच मिनट बाद सादियो माने के पास पर इस्माइल सार ने गोल कर सेनेगल का खाता खोला।
नॉर्वे ने 58वें मिनट में अपना तीसरा गोल कर दिया और एक बार फिर गोलशीट पर नाम आया हालैंड का। यहां फिर सेनेगल के डिफेंस की गलती और हालैंड ने इसका फायदा उठाते हुए अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया। सेनेगल वापसी की राह तरासती रही, लेकिन अंतिम सीटी बजने तक उसके हिस्से गोल नहीं आया। हालांकि, इंजुरी टाइम में इस्माइल सार ने अपना और टीम का दूसरा गोल किया, लेकिन ये सेनेगल के लिए काफी नहीं रहा।
