Move to Jagran APP

मैनचेस्टर सिटी के मालिकों ने खरीदी मुंबई सिटी की 65 फीसद हिस्सेदारी

Indian Super League Mumbai City मैनचेस्टर सिटी के मालिकों ने इंडियन सुपर लीग की टीम मुंबई सिटी की 65 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है।

By Vikash GaurEdited By: Published: Fri, 29 Nov 2019 10:24 AM (IST)Updated: Fri, 29 Nov 2019 10:24 AM (IST)
मैनचेस्टर सिटी के मालिकों ने खरीदी मुंबई सिटी की 65 फीसद हिस्सेदारी
मैनचेस्टर सिटी के मालिकों ने खरीदी मुंबई सिटी की 65 फीसद हिस्सेदारी

मुंबई, पीटीआइ। इंग्लिश प्रीमियर लीग चैंपियन मैनचेस्टर सिटी के स्वामित्व वाली कंपनी सिटी फुटबॉल ग्रुप (सीएफजी) ने गुरुवार को इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) फ्रेंचाइजी मुंबई सिटी एफसी की 65 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। इस अधिग्रहण की घोषणा गुरुवार को सीएफजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फेरान सोरियानो और फुटबॉल स्पो‌र्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड एवं रिलायंस फाउंडेशन की प्रमुख नीता अंबानी ने की।

loksabha election banner

इस अवसर पर नीता अंबानी ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक अवसर है। भारतीय फुटबॉल ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, यह उसका जश्न है। मुझे पूरा विश्वास है कि मुंबई सिटी एफसी को भारतीय फुटबॉल को इस ऐतिहासिक भागीदारी का फायदा मिलेगा।" बता दें कि नीता अंबानी की आइपीएल टीम मुंबई इंडियंस भी है, जो अब तक सबसे ज्यादा बार 4 खिताब अपने नाम कर चुकी है। 

मुंबई सिटी एफसी का घरेलू मैदान 8000 की क्षमता वाला मुंबई फुटबॉल एरिना है। आइएसएल के छठे सत्र में टीम ने अब तक पांच मैच खेले हैं। सोरियानो ने कहा कि मैनचेस्टर सिटी के स्पेनिश मैनेजर पेप गॉडियोला मुंबई सिटी एफसी के मैनेजर के संपर्क में रहेंगे। इसके साथ ही पहली बार कोई यूरोपियन क्लब भारतीय क्लब का हिस्सेदार बना है।

मुंबई सिटी के खिलाड़ियों को मिलेंगे कई मौके

अब मुंबई सिटी एफसी को ग्रुप की व्यावसायिक और फुटबॉल की जानकारियों का फायदा मिलेगा। इसके साथ ही क्लब की पहुंच सीएफजी ग्लोबल कमर्शियल प्लेटफॉर्म तक होगी। सिटी फुटबॉल ग्रुप को मैनचेस्टर सिटी के स्वामित्व के लिए जाना जाता है। इस ग्रुप के पास अन्य फुटबॉल क्लबों में यूएस की न्यूयॉर्क सिटी, ऑस्ट्रेलिया की मेलबर्न सिटी एफसी, जापान के योकोहामा एफ मैरिनो, उरुग्वे के क्लब एटलेटिको टॉर्क, स्पेन के गिरोना एफसी और चीन के सिचुआन जिउनिउ एफसी शामिल हैं।

सिटी फुटबॉल ग्रुप यानी सीएफजी के अब दुनिया भर में 13 कार्यालय और आठ फुटबॉल क्लब हैं। सीएफजी की स्थापना मार्च 2013 में हुई थी। इसके आठ क्लबों में 1500 से अधिक फुटबॉल खिलाड़ी हैं जो हर साल करीब 2500 से अधिक मैच खेलते हैं। ऐसे में कुछ भारतीय युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.