यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Leagues Cup: लुईस सुआरेज ने नहीं खलने दी लियोन मेसी की कमी, इंटर मियामी ने मेक्सिको के क्लब को दी मात
लुईस सुआरेज के दमदार प्रदर्शन की मदद से इंटर मियामी ने लीग्स कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ...और पढ़ें

HighLights
- इंटर मियामी ने टिग्रेस यूएएनएल को दी मात
- लुईस सुआरेज ने यूएएनएल के खिलाफ दागे दो गोल
- मेसी पूरी तरह फिट नहीं थे, जिस कारण मैच नहीं खेले
एपी, फोर्ट लाडरडेल (अमेरिका)। स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी की अनुपस्थिति में खेलने उतरी इंटर मियामी ने मेक्सिको के क्लब टिग्रेस यूएएनएल को 2-1 से हराकर लीग्स कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मियामी की जीत के नायक रहे लुईस सुआरेज, जिन्होंने मेसी की कमी महसूस नहीं होने दी और टीम की ओर से दोनों गोल दागे। मेसी ने पिछले मैच में एलए गेलेक्सी पर जीत दिलाई थी, लेकिन बुधवार के मुकाबले से पहले उन्होंने ट्रेनिंग नहीं की।
इंटर मियामी के सहायक कोच जेवियर मोरालेस ने कहा, 'हम मेसी की स्थिति पर निर्भर करते हैं। आज उन्होंने जेवियर मास्चेरानो से बात की थी और वह पूरी तरह फिट नहीं थे, इसलिए हमने कोई जोखिम नहीं लिया।'
मैच का रोमांच
पहला गोल इंटर मियामी को तब मिला जब जोर्डी आल्बा का क्रास विरोधी डिफेंडर जावियर एक्विनो के हाथ से टकरा गया और इसके बाद सुआरेज ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद टिग्रेस के एंजेल कोरिया ने शानदार मूव बनाते हुए बराबरी कर दी।
हालांकि एक्विनो का हाथ दोबारा बाक्स में गेंद से टकराया और मियामी को एक बार फिर पेनाल्टी दी गई। पेनाल्टी लेने आए उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर सुआरेज ने टीम के लिए विजयी गोल दागा। अंतिम क्षणों में टिग्रेस के एडगर लोपेज का हेडर दोनों पोस्ट से टकराकर बाहर चला गया।
मास्चेरानो को मिला रेड कार्ड
इंटर मियामी के सहायक कोच मास्चेरानो को हाफटाइम से पहले रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बावजूद उन्हें फोन पर निर्देश देते हुए देखा गया, जो लीग्स कप के नियमों के विरुद्ध है।
इस पर मास्चेरानो ने कहा, 'हम सिर्फ अतिरिक्त समय पर सवाल उठा रहे थे। चार मिनट का समय बताया गया था लेकिन लगभग छह मिनट तक खेल चला।'
वहीं, मियामी को एक और झटका लगा जब डिफेंडर जोर्डी आल्बा दूसरे हाफ में चोटिल होकर बाहर हो गए। उन्हें घुटने पर चोट लगी है और मेडिकल रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।
यह भी पढ़ें- एमबापे ने पेनाल्टी पर रीयल को दिलाई जीत, सालाह-कैल्डेंटी बने इंग्लिश फुटबॉल के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
यह भी पढ़ें- Football League: मैनचेस्टर सिटी की जीत में नए सितारे चमके, मेसी के कमाल से जीता मियामी फोर्ट
