मॉडलिंग से पहले फुटबॉल की पिच पर धमाल मचा रहे थे जॉन अब्राहम, इस एक कमी की वजह से टूट गया टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना
जॉन अब्राहम का बचपन का सपना फुटबॉलर बनने का था, लेकिन पैसों की कमी के कारण उन्होंने यह राह छोड़ ...और पढ़ें

जॉन अब्राहम बनना चाहते थे फुटबॉलर
HighLights
जॉन अब्राहम का पहला सपना फुटबॉलर बनना था
पैसों की कमी से फुटबॉल छोड़ एक्टिंग में आए
अब फुटबॉल क्लब के मालिक, एकेडमी भी बना रहे
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जॉन अब्राहम बॉलीवुड की दुनिया के जाने-माने सितारे हैं। मॉडलिंग से एक्टिंग में आए जॉन ने जो काम किया पूरी शिद्दत से किया और सफलता हासिल की। उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा चुकी हैं। हालांकि, जॉन एक्टर नहीं फुटबॉलर बनना चाहते थे, लेकिन परिस्थिति ऐसी बन गई कि उन्हें फुटबॉल की दुनिया को अलविदा कहना पड़ा।
हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन' में आज कहानी जॉन अब्राहम की जो फुटबॉलर बनना चाहते थे, लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने फुटबॉल की दुनिया को अलविदा कह दिया। हालांकि, अब वह एक फुटबॉल क्लब के मालिक के तौर पर अपना सपना जी रहे हैं। वह इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम नॉर्थईस्ट युनाइटेड के सह-मालिक हैं और भारत के साथ-साथ पूर्वोत्तर में फुटबॉल के विकास को लेकर काम कर रहे हैं।
लेना था अहम फैसला
जॉन अब्राहम को बचपन से फुटबॉल से प्यार था। वह इस खेल के दीवाने थे और भारत के लिए खेलना चाहते थे। चार जुलाई 2007 को हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट में जॉन ने खुद इस बात का खुलासा किया है। उन्होंने बताया था, "मैंने ए-डिविजन फुटबॉल खेली है। मैं अपनी स्कूल और फुटबॉल की टीम का कप्तान रहा हूं। फुटबॉल मेरे खून में है। स्कूल से मुझे फुटबॉल पसंद है।"
जॉन मुख्यतः सेंटर फॉरवर्ड खेलते थे और उन्होंने फुटबॉल से संबंधित फिल्म 'गोल' भी की है। इस फिल्म के जरिए जॉन ने वो जिंदगी जी जो उनका पहला सपना थी, एक फुटबॉलर की जिंदगी। जॉन ने 19 मई 2015 को 'द गार्जियन' को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने फुटबॉल को अलविदा क्यों कहा?
जॉन ने बताया, "मुझे फैसला लेना था कि मुझे फुटबॉल में करियर बनाना है या फिर एमबीए करना है। उस समय खेलों में पैसा नहीं होता था तो मैंने पढ़ाई का रास्ता चुना और एमबीए किया। इसके बाद मैं मॉडल बन गया।"
अब मौका मिले तो बन जाएंगे फुटबॉलर
जॉन ने इसी इंटरव्यू में बताया था कि अगर उन्हें अब (2015 में) मौका मिलता तो वह फुटबॉल का रास्ता चुनते। उन्होंने कहा था, "अगर मैं एक बार फिर उस उम्र में होऊंगा और मुझे दोबारा वो विकल्प दिया जाएगा कि मुझे फुटबॉल या पढ़ाई में से किसी एक को चुनना है तो मैं फुटबॉल को चुनूंगा और आईएसएल खेलूंगा।"
मेसी तैयार करना चाहते हैं जॉन
जॉन बेशक फुटबॉलर नहीं बन पाए हों, लेकिन वह देश की प्रतिभा को आगे लाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका सपना भारत से मेसी और रोनाल्डो जैसे खिलाड़ी निकालने का है और इसके लिए शिलॉन्ग में उनकी फुटबॉल एकेडमी भी बन रही है। जॉन ने 'बीयर बाइसेप्स' नाम के पॉडकास्ट में कहा था, "मैं चाहता हूं कि इंडिया से एक लियोनेल मेसी निकले, मैं खुश हो जाऊंगा। एक सुपरस्टार, मेरी एकेडमी से निकले। शिलॉन्ग में मेरी एकेडमी बन रही है। इसके लिए मुझे बहुत सारा पैसा चाहिए, 50-60 करोड़, 70 करोड़, लेकिन मैं छोडूंगा नहीं। मैं पैसा जमा करूंगा, खुद का पैसा लगाऊंगा।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।