मेरे टाटनहैम हाटस्पर आने की बड़ी वजह जेरबी: जान पाल वान हेके
ईपीएल के इस सीजन ब्राइटन से टाटनहैम हाटस्पर में शामिल हुए डिफेंडर जान पाल वान हेके ने क्लब में आने के पीछे की वजह बताई है।

जान पाल वान हेके

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के इस सीजन ब्राइटन से टाटनहैम हाटस्पर में शामिल हुए डिफेंडर जान पाल वान हेके ने क्लब में आने के पीछे की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि टाटनहैम का बड़ा इतिहास, शानदार स्टेडियम, विशाल फैन बेस और बेहतरीन सुविधाओं ने उन्हें प्रभावित किया, लेकिन मैनेजर राबर्टो डी जेरबी के साथ उनका मजबूत रिश्ता इस फैसले की अहम वजह रहा।
टाटनहम शनिवार को एवर्टन से भिड़ेगा, जिसका प्रसारण रात 10 बजे से जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। जियो स्टार द्वारा आयोजित बातचीत में हेके ने ‘दैनिक जागरण’ को बताया, मैं डी जेरबी को पहले से जानता हूं। हम दोनों के बीच मजबूत कनेक्शन है। मैं जानता हूं कि वह किस तरह का फुटबॉल खेलना चाहते हैं और उनकी शैली मुझे काफी पसंद है। यही वजह है कि टाटनहम मेरे लिए सही क्लब लगा।
हेके ने अपने करियर में डी जेरबी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि ब्राइटन में युवा खिलाड़ी के रूप में डी जेरबी ने उन्हें काफी बेहतर बनाया। वह हर दिन उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद करते थे और ऊंचे मानक बनाए रखते थे। इससे उनके खेल और मैदान पर व्यक्तित्व में काफी सुधार हुआ।
26 वर्षीय वान हेके ने कहा कि टाटनहम में उनकी जिम्मेदारी पीछे से खेल बनाने और टीम के साथियों को डी जेरबी की रणनीति समझाने की होगी। उन्होंने कहा कि वह अभी भी युवा हैं और हर सीजन अपने खेल में सुधार करना चाहते हैं। भारतीय प्रशंसकों के लिए वान हेके ने कहा कि हमारा समर्थन करते रहें। उम्मीद है कि हम जल्द अच्छे नतीजे देंगे और टाटनहम को फिर शीर्ष स्तर पर पहुंचाएंगे।
