विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Champions League: रीयल मैड्रिड और मैनचेस्टर सिटी की विजयी शुरुआत

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:53 AM (IST)

रीयल मैड्रिड के नए सीजन के पहले चैंपियंस लीग मैच पर उनके मैनेजर जोसे मोरिन्हो की गहरी छाप दिखी।

चैंपियंस लीग

चैंपियंस लीग

HighLights

  1. बेहद सुंदर फुटबॉल खेलकर भी हारा इंटर मिलान

  2. डार्टमंड और रियाल बेटीस भी जीते

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रीयल मैड्रिड के नए सीजन के पहले चैंपियंस लीग मैच पर उनके मैनेजर जोसे मोरिन्हो की गहरी छाप दिखी, जब टीम ने महज 39 प्रतिशत वक्त तक गेंद पर कब्जा होने और विपक्षियों से कम शाट लगाने के बावजूद मैच को अपने नाम कर लिया।

अपने घरेलू स्टेडियम सैंटियागो बर्नबेयु में हुए मुकाबले को रीयल ने 2-1 से जीता। टीम के लिए काइलियन एमबापे और फेडेरिको वाल्वेर्दे ने गोल किए। अन्य मुकाबलों में मैनचेस्टर सिटी ने पुर्तगाल के क्लब एफसी पोर्तो को 2-0 से हराया, टीम के लिए एर्लिंग हालैंड ने दोनों गोल किए।

इंटर की टीम ने मैड्रिड के विरुद्ध ना सिर्फ खूबसूरत और आदर्श फुटबॉल खेली, बल्कि वह खेल में ज्यादा आक्रामक भी रहे लेकिन उनकी टीम से दो बड़ी गलतियां हुईं और रियाल के चपल खिलाड़ियों ने इन दोनों गलतियों का पूरा फायदा उठाया।

मैच के 14वें मिनट में इंटर के डिफेंडर ने अपने ही हाफ में गेंद छोड़ दी और ब्राहिम डियाज ने इसे एमबापे के रास्ते में डाल दिया, जिन्होंने आगे भागते आए इंटर के गोलकीपर जोसेप मार्टिनेज को छकाते हुए गेंद को गोल में डाल दिया।

मैच के 23वें मिनट में मार्टिनेज से एक भारी भूल हुई जब उन्होंने अपने पास आई गेंद पर झपटे वाल्वेर्दे को कलाकारी दिखाकर छकाने की कोशिश की लेकिन वाल्वेर्दे ने गेंद उनके पैरों से छीन गोल में पहुंचा दी। इंटर के लिए मैच का इकलौता गोल कार्लोस अगुस्तो ने 77वें मिनट में किया।

एक अन्य मैच में पोर्तो के गोलकीपर डिएगो कोस्ता की पहले हाफ की बहादुरी पर एर्लिंग हालैंड के सटीक शाट भारी पड़े और सिटी ने पोर्तो को 2-0 से हरा दिया। पहला हाफ 0-0 से बराबर रहने के बाद हालैंड ने पोर्तो के घर में 47वें और 90+1वें मिनट में गोल किए।

एक अन्य इंग्लिश क्लब एस्टन विला ने जान मैक्गिन (11वें मिनट), एमिलियानो बुएंदिया (22वें मिनट) और निकोलस जैक्सन (43वें मिनट) के गोलों की मदद से क्लब ब्रुग्गे को 3-2 से हराया। ब्रुग्गे के लिए यूगो वेत्लेसेन ने 19वें और निकोलो त्रेसोल्दी ने 61वें मिनट में गोल किए।

जर्मनी में हुए चैंपियंस लीग मैच में बोरुसिया डार्टमंड ने स्ट्राइकर सेरहो गुइरासी के दो गोल (80वें और 85वें मिनट) की मदद से स्पेन की वियारियाल को 3-2 से हरा दिया। टीम का पहला गोल आत्मघाती था जिसे वियारियाल के डिफेंडर रेनाटो वीएगा ने 53वें मिनट में किया।

वियारियाल के लिए एक गोल संतियागो मोरिनो ने 66वें मिनट में किया जबकि 90+3 मिनट में गुइरासी ने उनके लिए एक आत्मघाती गोल कर दिया। रीयल बेटिस को चैंपियंस लीग के पहले मैच में जीत मिली जब उन्होंने फ्रांस की टीम लील को 3-2 से हराया। बेटिस के लिए मार्क बार्त्रा ने 33वें और 49वें मिनट में गोल किए जबकि ट्राय पैरट ने 53वें मिनट में टीम का तीसरा गोल किया। लील के लिए अयासे उएदा ने 12वें और अलेक्सांद्रो ने 36वें मिनट में गोल किए।

यह भी पढ़ें- फ्रांस फुटबॉल टीम में होगा बड़ा बदलाव, कोच के लिए जिनेदिन जिदान के नाम पर लग सकती है मुहर

यह भी पढ़ें- जिसके दामन पर लग चुके हैं ड्रग्स और देह व्यापार के दाग, फीफा ने उसे दी फाइनल में बड़ी जिम्मेदारी; करेगा डेब्यू