46वीं एशियन स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत ने श्रीलंका को 2-1 से हराया
46वीं एशियन स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत ने श्रीलंका को हराकर अपना पहला मुकाबला जीता।
जागरण संवाददाता, आगरा। 46वीं एशियन स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में मंगलवार को चार मुकाबले खेले गए। भारत ने श्रीलंका को हराकर चैंपियनशिप में अपना पहला मुकाबला जीता। वहीं मलेशिया ने भूटान को 12-0 के भारी अंतर से हराया।
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के मैदान पर पहला मैच नेपाल और चीन के बीच खेला गया। इसमें नेपाल ने चीन को 3-1 से हराया। पहले हाफ तक दोनों टीमें एक-एक गोल की बराबरी पर थीं लेकिन फाइनल स्कोर में नेपाल के टीकाराम गुरंग ने दो गोल किए। स्कूल में दूसरा मैच थाईलैंड और इंडोनेशिया के बीच खेला गया। थाईलैंड ने इंडोनेशिया को 2-1 हराया। थाईलैंड की ओर से पोंगराचित तथा जानतबोंग ने एक-एक और इंडोनेशिया की ओर से प्रलकेट्रा देवांग ने गोल किया।
तीसरा मैच आनन्द इंजीनियरिंग कॉलेज में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इसमें भारत ने श्रीलंका को 2-1 से हराया। भारत की ओर से दोनों गोल टुडू राइसैन ने किये। श्रीलंका की ओर से मात्र एक गोल आरएम शावीर ने किया। अंतिम मुकाबला मलेशिया और भूटान के बीच खेला गया। मलेशिया ने भूटान को 12-0 से हराया। मलेशिया की ओर से सर्वाधिक चार गोल एनजेड विन अब्दुल अमिद और एमडीआई विन मोहम्मद नादजरी ने तीन गोल किए।