फीफा विश्व कप : फाइनल से पहले हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ की प्रस्तुति
फीफा विश्व कप का आधिकारिक गीत शुक्रवार को रिलीज किया जाएगा। वहीं फीफा का वीडियो म्यूजिक सात जून से उपलब्ध होगा।
मॉस्को [प्रेट्र]। हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ फीफा विश्व कप 2018 के आधिकारिक गीत लिव इट अप पर अमेरिकी गायक निक जैम और गायिका इरा इस्ट्रेफी के साथ रंगारंग पेशकश देंगे। इस गीत को डीजे और गीतकार डिप्लो ने तैयार किया है। ये सभी सितारे 15 जुलाई को मॉस्को के लुझनिकी स्टेडियम में होने वाले फाइनल से पहले अपनी प्रस्तुति से 80 हजार दर्शकों में उत्साह भरने का काम करेंगे।
स्मिथ ने कहा कि मेरे लिए यह सम्मान की बात है कि मुझसे विश्व कप में पेशकश देने के लिए पूछा गया। यह ग्लोबल आयोजन पूरी दुनिया में लोगों को खुशी, हंसी और जादू का अनुभव कराता है। उधर डिप्लो ने कहा कि वह पहली बार इस तरह का काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
लैटिन म्यूजिक की दुनिया के आइकन और ग्रैमी अवॉर्ड विजेता निकी जैम ने कहा कि वह इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। पॉप की दुनिया की उभरती सितारा और फुटबॉल प्रशंसक इरा इस्ट्रेफी ने कहा कि स्मिथ, जैम और डिप्लो जैसे दिग्गज सितारों के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात है।
फीफा विश्व कप का आधिकारिक गीत शुक्रवार को रिलीज किया जाएगा। वहीं फीफा का वीडियो म्यूजिक सात जून से उपलब्ध होगा। विश्व कप का आयोजन 14 जून से 15 जुलाई के बीच रूस में किया जा रहा है।