फुटबॉल ड़ायरी: रूस जाने के लिए तैयार हैं पूर्व ब्राजीली फुटबॉलर पेले
हाल के वर्षों में अपने खराब स्वस्थ्य से जूझने वाले ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर पेले रूस जाने के लिए तैयार हैं।
रियो डि जेनेरियो। हाल के वर्षों में अपने खराब स्वस्थ्य से जूझने वाले ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर पेले रूस जाने के लिए तैयार हैं। पेले को उनके डॉक्टरों ने रूस की यात्रा करने के लिए इजाजत दे दी है। पेले को कूल्हे में तकलीफ की शिकायत के बाद फिजियोथेरेपी से गुजरना पड़ा। 14 जून से 15 जुलाई के बीच होने वाले विश्व कप को लेकर प्रायोजकों और आयोजकों की खास नजर पेले पर है। पेले दुनिया के इकलौते फुटबॉलर हैं जिनकी मौजूदगी में उनकी टीम तीन बार विश्व चैंपियन बनी। साथ ही उन्होंने 1363 मुकाबलों में 1281 गोल दागे जिसकी बदौलत उन्हें दुनिया का सबसे काबिल फुटबॉलर माना जाता है।
मैं सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हूं : फिलिप लुइस
टेरेसोपोलिस। ब्राजील के लेफ्ट बैक खिलाड़ी फिलिप लुइस ने कहा है कि वह रूस में होने जा रहे आगामी विश्व कप में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म के साथ भाग लेने लेंगे। एटलेटिको मैड्रिड के लिए खेलने वाले फिलिप ब्राजील की 23 सदस्यीय विश्व कप टीम में शामिल हैं। ब्राजील की टीम के साथ अभ्यास सत्र में भाग ले रहे फिलिप ने कहा कि मैं पहले भी दो विश्व कप खेल चुका हूं लेकिन मुझे लगता है कि मैं मानसिक और शारीरिक रूप से रूस अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म के साथ जा रहा हूं। मैं इस मौके को पाकर बेहद खुश हूं।
फीफा हटाए मेरे ऊपर से प्रतिबंध : प्लातिनी
पेरिस।यूएफा के पूर्व अध्यक्ष मिचेल प्लातिनी ने कहा है कि स्विट्जरलैंड से 1.8 मिलियन यूरो (14.2 करोड़ रुपये) के भुगतान के मामले में उन पर से प्रतिबंध हटाए। प्लातिनी ने कहा कि फीफा को मेरे निलंबन को हटाने के लिए साहस और सभ्यता दिखानी चाहिए। प्लातिनी पर फीफा ने चार साल का प्रतिबंध लगाया है जो कि अक्टूबर 2019 में समाप्त हो रहा है। प्लातिनी पर 2011 में करार के नाम पर घपले बाजी का आरोप लगा था जिसे फीफा के तत्कालिन प्रमुख सेप ब्लाटर ने स्वीकृति दी थी। ब्लाटर भी अब निलंबन झेल रहे हैं। प्लातिनी पर पहले आठ साल का प्रतिबंध लगाया गया था लेकिन बाद में उसे घटाकर चार साल कर दिया गया था।
इनेस्ता ने जापानी समर्थकों का अभिवादन किया
कोबे। बार्सिलोना के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर आंद्रे इनेस्ता पहली बार जापानी क्लब विसेल कोबे से जुडऩे के बाद वहां के घरेलू दर्शकों के सामने आए और वादा किया कि इस क्लब को वह एशिया में सबसे बड़ा क्लब बनाएंगे।
बार्सिलोना की तरह आठ नंबर की जर्सी पहने 34 वर्षीय इनेस्ता कोबे सिटी में क्लब के मालिक हिरोशी मिकितानी के साथ घरेलू मैदान पहुंचे। करीब चार हजार समर्थकों की मौजूदगी में इनेस्ता ने कहा कि यह मेरे लिए एक बड़ी चुनौती है। मैंने टीम में जितना हो सकता है, उतना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। समझा जा रहा है कि इनेस्ता ने विसेल कोबे के साथ सालाना 30 मिलियन अमेरिकी डॉलर (दो अरब तीन करोड़ रुपये) का करार तीन साल के लिए किया है।