विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 नहीं बल्कि 4 ब्रेक, फुटबॉल वर्ल्‍ड कप में नए नियम के हिसाब से खेले जाएंगे मुकाबले; फाइनल में होगा एकदम नया ट्विस्‍ट

Published: Thu, 04 Jun 2026 05:38 PM (IST)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार 48 टीमें और 104 मैच होंगे, जिसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए नए ...और पढ़ें

फीफा वर्ल्ड कप 2026

फीफा वर्ल्ड कप 2026

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की सह-मेजबानी में खेला जाना है। इस बार के विश्व कप में 48 टीमें खेलेंगी। ये वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हो रहा है, जब 48 टीमों को शामिल किया गया है। इसके अलावा टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। विश्व कप की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। इस बार के वर्ल्ड कप में कुछ नए नियम भी लागू किए गए हैं।

फुटबॉल विश्व कप का मैच अब कुछ हद तक हॉकी की तरह होगा क्योंकि इसमें कुछ ऐसे ही नियन लगाए गए हैं। पहले फुटबॉल मैच दो 45 मिनट के हाफ में खेले जाते थे, बीच में 15 मिनट का हाफटाइम ब्रेक होता था। 2026 विश्व कप से हर मैच में दोनों हाफ के बीच ड्रिंक्स ब्रेक लिए जाएंगे। पहला ब्रेक लगभग 22वें मिनट पर और दूसरा 67वें मिनट के आसपास होगा। ये ब्रेक मौसम चाहे कैसा भी हो, हर मैच में जरूरी होंगे।

गर्मी का खतरा और खिलाड़ियों की सुरक्षा

अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में गर्मियों के मौसम में मैच होने वाले हैं। तेज गर्मी और नमी के कारण खिलाड़ियों की सेहत को खतरा हो सकता है। फीफा अब रेफरी पर फैसला छोड़ने की बजाय पूरे टूर्नामेंट में एक समान नियम लागू कर रहा है। इससे खिलाड़ियों को बीच में आराम और पानी पीने का मौका मिलेगा।

चार क्वार्टर जैसा रोमांच

इस बदलाव से मैच चार क्वार्टर वाला खेल बन जाएगा। हर हाफ के बीच 3 मिनट का ब्रेक मिलेगा। हॉकी में क्वार्टर ब्रेक कोच को रणनीति बदलने, डिफेंस मजबूत करने या हमले का प्लान बनाने का समय देते हैं। अब फुटबॉल कोच भी उसी तरह बीच-बीच में अपनी टीम को नई हिदायतें दे सकेंगे। 3 मिनट कम समय लगता है, लेकिन टॉप स्तर पर यह काफी है। कोच दबाव वाले खिलाड़ियों को शांत कर सकते हैं और विरोधी टीम की कमजोरी पर तुरंत काम कर सकते हैं।

टीवी पर विज्ञापन और ब्रेक

फीफा ने ब्रॉडकास्टर्स को इन ब्रेक के दौरान विज्ञापन दिखाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसके लिए सख्त नियम भी बनाए हैं। अगर मैच स्क्रीन पर दिखता रहे (स्प्लिट स्क्रीन) तो सिर्फ आधिकारिक पार्टनर्स ही विज्ञापन चला सकते हैं। अगर मैच पूरी तरह रोक दिया जाए तो दूसरे विज्ञापन भी दिखाए जा सकते हैं। समय का भी ध्यान रखा गया है। ब्रेक शुरू होने के 20 सेकंड के अंदर विज्ञापन नहीं शुरू होगा और खेल शुरू होने से 30 सेकंड पहले मैच पर लौटना जरूरी होगा।

फाइनल में सुपर बॉल वाला मजा

विश्व कप फाइनल न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होगा। यहां हाफटाइम शो सुपर बॉल स्टाइल का होगा, जो ग्लोबल सिटिजन के साथ तैयार किया जाएगा। सामान्य 15 मिनट की जगह हाफटाइम ब्रेक लगभग 30 मिनट का हो सकता है। पहले विश्व कप फाइनल सिर्फ मैच के लिए जाना जाता था, अब इसमें मनोरंजन भी बड़ा हिस्सा बनेगा।

कितना एक्सट्रा समय जुड़ रहा है?

विश्व कप में कुल 104 मैच होंगे। हर मैच में 2 ब्रेक और हर ब्रेक 3 मिनट का। यानी पूरे टूर्नामेंट में 624 अतिरिक्त मिनट जुड़ेंगे। यह 10.4 घंटे के बराबर है यानी लगभग सात पूरे मैचों जितना समय।

यह भी पढ़ें- 17 साल की उम्र में पेले ने बदल दी थी फुटबॉल की दुनिया, अब 68 साल पुराने मैच की जर्सी करोड़ों में होगी नीलाम

यह भी पढ़ें- विश्व कप खिताब की रक्षा करना आसान नहीं, मेसी पर पूरा भरोसा: लियोनेल स्कालोनी