Cristiano Ronaldo retirement: अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से छूटा '7' का साथ, रिकॉर्ड का बादशाह बनकर ली विदाई
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लिया। 41 साल के रोनाल्डो ने अपना आखिरी मुकाबला वेल्स के विरुद्ध खेला, जिसमें पुर्तगाल ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो
HighLights
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास
रोनाल्डो ने 234 अंतरराष्ट्रीय मैचों में रिकॉर्ड 146 गोल किए
1000 गोल अपने करियर के पूरे करने के करीब हैं रोनाल्डो
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब पुर्तगाल की 7 नंबर की जर्सी में नजर नहीं आएंगे। छह विश्व कप खेलने, यूरोपीय चैंपियन बनने और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले 41 वर्षीय रोनाल्डो ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी।
इसके साथ ही पुर्तगाल के साथ 23 साल तक चले उनके शानदार सफर का पटाक्षेप हो गया। हालांकि, वह क्लब फुटबॉल खेलते रहेंगे और सऊदी अरब के अल नस्र के साथ इस सत्र के अंत तक अपना क्लब करियर जारी रखने की उम्मीद है।
रोनाल्डो ने क्या कहा
रोनाल्डो ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो संदेश जारी करते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'पुर्तगाल के लोगों, वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की नंबर सात जर्सी सौंप रहा हूं। 23 वर्षों तक इसे पहनना मेरे लिए सम्मान की बात रही। अब इसे भविष्य को सौंपने का समय है।'
रोनाल्डो के नेतृत्व में पुर्तगाल ने 2016 में पहली बार यूरो कप जीता और 2019 तथा 2025 में नेशंस लीग का खिताब अपने नाम किया। 2004 में यूरो कप के फाइनल में पहुंचने के बाद टीम 2006 विश्व कप में चौथे स्थान पर रही। 2022 विश्व कप में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना रहा।
नंबर गेम
- 234 मैचों में रिकॉर्ड 146 गोल किए हैं 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए
- 1000 गोल अपने करियर के पूरे करने के करीब हैं रोनाल्डो। अब तक वह 985 (अंतरराष्ट्रीय व क्लब) गोल कर चुके हैं
- 24 सितंबर को वेल्स के विरुद्ध अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था रोनाल्डो ने, जिसमें पुर्तगाल 1-0 से जीता था
रिकॉर्ड के बादशाह रोनाल्डो
छह विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं और विश्व कप में उनके नाम 11 गोल हैं।
वह 2004 से 2026 तक लगातार 23 कैलेंडर वर्षों में पुर्तगाल के लिए गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने के बाद उन्होंने 234 मैचों का रिकॉर्ड बनाया।
यूरो कप में भी उनके नाम सर्वाधिक 30 मैच और 14 गोल दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, 23 साल के लंबे करियर को कहा अलविदा
यह भी पढ़ें- शुभमन गिल ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो को छोड़ा पीछे, आसपास भी नहीं टिकते विराट-धोनी और रोहित शर्मा
यह भी पढ़ें- 72 साल के कोच, रोनाल्डो और दो बार का धोखा
यह भी पढ़ें- 72 साल के कोच, रोनाल्डो और दो बार का धोखा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।