एशियन कप में 55 साल बाद जीता भारत, थाइलैंड को 4-1 से हराया
हाफ टाइम के ठीक बाद छेत्री ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई।
नई दिल्ली, जेएनएन। अनुभवी स्ट्राइकर सुनील छेत्री के दो गोल की मदद से भारतीय टीम ने रविवार को थाइलैंड को 4-1 से हराकर एएफसी एशियन कप में शानदार आगाज किया और 55 साल बाद इस टूर्नामेंट में जीत हासिल की। पिछली बार 1964 के एशियन कप में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। तब भारत उप विजेता रहा था। वहीं, थाइलैंड के खिलाफ भारत ने 1986 के बाद पहली बार जीत का स्वाद चखा।
अबूधाबी के अल नाहयान स्टेडियम में अपने दूसरे एशियन कप और कुल 105वें अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने उतरे छेत्री (27वें और 46वें मिनट) में दो गोल दागे, जबकि ग्रुप-ए के इस मुकाबले में अनिरुद्ध थापा (68वें मिनट) व स्थानापन्न जेजे लालपेखुआ (80वें मिनट) ने भी गोल किए। थाइलैंड से इकलौता गोल कप्तान तीरासिल डांग्डा (33वें मिनट) ने किया। दुनिया के 97वें रैंकिंग की भारतीय टीम और 118वें रैंक पर काबिज थाइलैंड के बीच अच्छे मुकाबले की आशा की जा रही थी, लेकिन दूसरे हाफ में शानदार खेल की बदौलत भारतीय टीम ने अपने नॉकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीदों को बढ़ा दिया। यूएई (10 जनवरी) और बहरीन (14 जनवरी) के खिलाफ होने वाले आगामी दो ग्रुप मुकाबलों में ड्रॉ से भी भारतीय टीम अगले दौर में पहुंच जाएगी।
पहले हाफ में थाइलैंड ने करीब 70 फीसदी गेंद पर कब्जा जमाए रखा। इस मुकाबले में कप्तानी करने वाले भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू पहले हाफ में थाई गोलकीपर से ज्यादा व्यस्त दिखाई दिए, लेकिन दूसरे हाफ में परिस्थितियां एकदम बदल गईं, जहां भारत ने तीन गोल दागकर थाइलैंड से मैच छीन लिया।
अपने दूसरे आयोजन में भाग ले रहे छेत्री ने पेनाल्टी के जरिये पहला गोल दागा। पुणो सिटी के 21 वर्षीय खिलाड़ी आशिक कुरुनियान को शुरुआती लाइन-अप में जगह मिली और उन्होंने भारत के लिए एक पेनाल्टी किक हासिल की, जिस पर छेत्री ने स्कोर किया। छह मिनट बाद ही तीरासिल ने हेडर के जरिये गोलकीपर संधू के ऊपर से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर थाइलैंड को बराबरी दिलाई। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर था।
हाफ टाइम के ठीक बाद छेत्री ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। अपना पहला गोल करने के साथ ही छेत्री मौजूदा समय में सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अर्जेटीना के लियोन मेसी को पछाड़ा, जबकि वह पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पीछे हैं। दूसरे हाफ में एक गोल की बढ़त हासिल करने के बाद अनिरुद्ध ने उदांता सिंह के पास पर गोल करके भारत को 3-1 से आगे कर दिया। 78वें मिनट में भारतीय कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने लालपेखुआ को मैदान में उतारा। स्थानापन्न के तौर पर मैदान में उतरने के दो मिनट बाद ही उन्होंने एक जबरदस्त गोल करके भारत को 4-1 से आगे कर दिया।