अलविदा 2020: सिनेमाघर हुए बंद तो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उतरीं बॉलीवुड की ये 11 बड़ी फ़िल्में, देखें पूरी लिस्ट
अलविदा 2020 केंद्र सरकार की ओर से सिनेमाघरों को अस्थायी रूप से बंद करने का फ़ैसला किया गया तो बॉलीवुड को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का विकल्प तलाशना पड़ा ताकि तैयार फ़िल्मों को रिलीज़ करके बढ़ते नुक़सान को थामा जा सके।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2020 में कोरोना वायरस पैनडेमिक का कहर मनोरंजन इंडस्ट्री पर भी टूटा। कोविड-19 का प्रसार रोकने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सिनेमाघरों को अस्थायी रूप से बंद करने का फ़ैसला किया गया तो बॉलीवुड को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का विकल्प तलाशना पड़ा, ताकि तैयार फ़िल्मों को रिलीज़ करके बढ़ते नुक़सान को थामा जा सके।
इस क्रम में इस साल ऐसी कई बड़ी फ़िल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आयीं, जिन्हें सिनेमाघरों के लिए बनाया गया था। नतीजा यह हुआ कि सिनेमाघर वीरान रहे तो ओटीटी प्लेटफॉर्म्स सितारों से गुलज़ार रहे। और इस तरह बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अपनी पारी शुरू की। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम, डिज़्नी प्लस हॉटस्टर, ज़ी5 और सोनी लिव जैसे प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए कई बड़ी फ़िल्में सीधे दर्शकों की मोबाइल स्क्रीन पर पहुंचीं। आइए जानते हैं कौन सी हैं ये फिल्में-
गुलाबो सिताबो
अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फ़िल्म गुलाबो सिताबो को अमेज़न प्राइम वीडियो पर 12 जून को रिलीज़ किया गया। शूजित सरकार निर्देशित फ़िल्म में अमिताभ बच्चन एक बूढ़े मकान मालिक तो आयुष्मान उनके किराएदार के किरदार में दिखे। रिपोर्ट्स के अनुसार, 30 करोड़ रुपए के बजट में बनी फ़िल्म को अमेज़न प्राइम वीडियो ने लगभग 65 करोड़ रुपए में खरीदा।
शकुंतला देवी
विद्या बालन की फ़िल्म शकुंतला देवी अमेज़न प्राइम पर रिलीज़ की गयी। इस फ़िल्म का निर्देशन अनु मेनन ने किया। फ़िल्म में विद्या बालन के साथ सान्या मल्होत्रा और अमित साध ने मुख्य किरदार निभाये।
गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल
गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल शौर्य चक्र विजेता फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना की बायोपिक है। करण जौहर निर्मित इस फ़िल्म को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया था। फ़िल्म में जाह्नवी कपूर ने गुंजन सक्सेना का दमदार किरदार निभाया। पंकज त्रिपाठी और अंगद बेदी ने भी फ़िल्म में अहम किरदार निभाये।
दिल बेचारा
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा का उनके फैन को काफी इंतज़ार था। दिल बेचारा डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ की गयी। आपको बता दें कि सुशांत की मौत के बाद भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस फ़िल्म को फ्री कर दिया था, यानी जिन लोगों के पास डिज़्नी प्लस हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन नहीं था, वो भी फ़िल्म देख सके। सुशांत के साथ संजना सांघी ने मुख्य किरदार निभाये। इस फ़िल्म के साथ कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने अपनी निर्देशकीय पारी शुरू की।
सड़क 2
महेश भट्ट निर्देशत फ़िल्म सड़क 2 को भी ड़िज़्नी प्लस हॉटस्टार पर आयी। इस फ़िल्म ने महेश भट्ट निर्देशित 1991 की फ़िल्म सड़क की फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया। फ़िल्म में संजय दत्त, आलिया भट्ट और आदित्य रॉय कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभायीं।
लक्ष्मी
अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी अभिनीत फ़िल्म लक्ष्मी 9 नंवबर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ की गयी। दर्शक इस मूवी का कॉफी लंबे वक्त से इंतज़ार कर रहे थे। तमिल फ़िल्म कंचना 2 की इस रीमेक को राघव लॉरेंस ने निर्देशित किया।
लूडो
अनुराग बसु की फ़िल्म लूडो पहले 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया। फ़िल्म में अभिषेक बच्चन, राजकुमार राव, आदित्य रॉय कपूर, सान्या मल्होत्रा, फतिमा सना शेख़, पकंज त्रिपाठी और रोहित सर्राफ मुख्य किरदारों में दिखाई दिए।
छलांग
राजकुमार राव और नुसरत भरूचा की इस स्पोर्ट्स रोमांटिक फ़िल्म का निर्देशन हंसल मेहता ने किया, जबकि अजय देवगन ने फ़िल्म को प्रोड्यूस किया था। फ़िल्म अमेज़न प्राइम पर रिलीज़ की गयी।
दुर्गामती- द मिथ
भूमि पेडनेकर, अरशद वारसी, माही गिल और करण कपाड़िया की मुख्य भूमिकाओं वाली फ़िल्म का निर्माण अक्षय कुमार ने किया। तेलुगु फ़िल्म भागमती की इस रीमेक का निर्देशन अशोक ने ही किया। यह फ़िल्म सिनेमाघरों के लिए बनायी गयी थी, मगर आख़िरकार इसे प्राइम पर रिलीज़ किया गया।
खाली-पीली
ईशान खट्टर और अनन्या पांडेय की फ़िल्म ज़ीप्लेक्स पर पेड व्यूज़ के तहत रिलीज़ की गयी। फ़िल्म का निर्देशन मकबूल ख़ान ने किया, जबकि इसका निर्माण अली अब्बास ज़फ़र ने किया था। फ़िल्म में जयदीप अहलावत ने खलनायक का किरदार निभाया।
कुली नंबर 1
ओटीटी पर रिलीज़ करने का सिलसिला साल के आख़िरी महीने तक जारी है। अब 25 दिसम्बर को प्राइम पर कुली नम्बर 1 रिलीज़ की जा रही है, जिसमें वरुण धवन और सारा अली ख़ान मुख्य भूमिकाओं में हैं। कुली नम्बर 1 इस साल की बड़ी फ़िल्मों में शामिल है, जो सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी। डेविड धवन निर्देशित फ़िल्म 1995 में आई गोविंदा और करिश्मा कपूर की फ़िल्म का रीमेक है।