Tribhanga Teaser: नेटफ्लिक्स की इस फ़िल्म से ओटीटी की दुनिया में डेब्यू करेंगी काजोल, देखिए टीज़र
टीज़र की शुरुआत एक हंसते-खेलते परिवार के साथ होती है जिसमें मां तन्वी आज़मी बेटी काजोल और पोती मिथिला पाल्कर हैं। इसके बाद काजोल ओडिसी नर्तकी के गेटअप में दिखती हैं। फिर दृश्य बदलता है और तन्वी एक बड़ी डेस्क पर काम में डूबी हुई दिखती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2021 में काजोल एक नई पारी शुरू कर रही हैं। नेटफ्लिक्स की फ़िल्म त्रिभंगा- टेढ़ी-मेढ़ी क्रेज़ी से काजोल डिजिटल दुनिया में क़दम रख रही हैं। फ़िल्म में काजोल के साथ तन्वी आज़मी और मिथिला पाल्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। त्रिभंगा में तीन पाढ़ियों की कहानी दिखायी जाएगी।
टीज़र की शुरुआत एक हंसते-खेलते परिवार के साथ होती है, जिसमें मां तन्वी आज़मी, बेटी काजोल और पोती मिथिला पाल्कर हैं। इसके बाद काजोल ओडिसी नर्तकी के गेटअप में दिखती हैं। फिर दृश्य बदलता है और तन्वी एक बड़ी डेस्क पर काम में डूबी हुई दिखती हैं। छोटी बच्ची बड़ी होकर मिथिला बन चुकी है। फ़िल्म 15 जनवरी को रिलीज़ हो रही है। इसे अजय देवगन ने प्रोड्यूस किया है। फ़िल्म की कहानी रेणुका शहाणे ने लिखी है और उन्होंने ही निर्देशन किया है। फ़िल्म अजय देवगन का बतौर प्रोड्यूसर डिजिटल डेब्यू है।
पिछले साल जुलाई में काजोल ने एक वीडियो शेयर करके इसकी सूचना दी थी। उन्होंने लिखा था- तीन महिलाओं की कहानी, अपनी ही ताल पर नाचती हैं। त्रिभंगा आपको अपूर्णता में सम्पूर्णता दिखाती है। और मैं दुनिया को यह दिखाने के लिए बेसब्र हूं।
A story about three women who dance to their own beat, #Tribhanga shows you the perfection in imperfection. @mipalkar @tanviazmi @renukash and I can't wait to show you our world!💃💃💃 @ajaydevgn @ADFFilms @Banijayasia @sidpmalhotra @ParagDesai @NegiR @deepak30000 pic.twitter.com/9kZ1GoAj73— Kajol (@itsKajolD) July 16, 2020
इस फ़िल्म से पहले काजोल यूट्यूब की शॉर्ट फ़िल्म काम कर चुकी हैं। देवी शीर्षक से बनी फ़िल्म 2020 में आयी थी। काजोल के अलावा नेहा धूपिया समेत कई एक्ट्रेस शामिल थीं। इस शॉर्ट फ़िल्म को काफी तारीफ़ मिली। इसके बाद अब काजोल के फैंस को उनके नए अवतार का इंतज़ार है। काजोल के करियर की बात करें तो आख़िरी बार 2020 की शुरुआत में रिलीज़ हुई फ़िल्म तान्हाजी- द अनसंग वॉरियर में नज़र आयी थीं, जिसमें वो अजय देवगन के किरदार तान्हाजी मालुसरे की पत्नी बनी थीं। इससे पहले काजोल 2018 की फ़िल्म हैलीकॉप्टर ईला में नज़र आयी थीं। शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म ज़ीरो में भी काजोल ने स्पेशल एपीयरेंस किया था। इससे पहले वो शाह रुख़ के साथ 2015 की फ़िल्म दिलवाले में फीमेल लीड रोल में दिखी थीं।