MX Player पर रिलीज़ होगी शिकार और शिकारी की अनोखी कहानी 'आखेट', खुलेंगे इस पेशे के कुछ दिलचस्प राज़
‘आखेट’ एक रसूखदार-रईस व्यक्ति नेपाल सिंह की कहानी है जिसके अमीर पुरखों ने सैकड़ों बाघों का शिकार किया था। नेपाल सिंह को दुख है कि शिकारियों के खानदान में पैदा होने के बाजवूद वह कभी बाघ का शिकार नहीं कर पाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। हिंदी सिनेमा में शिकार और शिकारी के विषय पर कई फ़िल्मकारों ने कैमरा घुमाया है, मगर इस पेशे से जुड़े लोगों की दुनिया को लेकर कम ही बात की गयी है। एमएक्स प्लेयर पर रिलीज़ हो रही फ़िल्म आखेट इसी विषय को रेखांकित करती है। इस फ़िल्म का निर्देशन रवि बुले ने किया है। रवि की आखेट पहली फ़िल्म है।
‘आखेट’ एक रसूखदार-रईस व्यक्ति नेपाल सिंह की कहानी है, जिसके अमीर पुरखों ने सैकड़ों बाघों का शिकार किया था। नेपाल सिंह को दुख है कि शिकारियों के खानदान में पैदा होने के बाजवूद वह कभी बाघ का शिकार नहीं कर पाया। एक दिन बाघ के शिकार का फैसला करते हुए वह जंगल को निकल पड़ता है। क्या वह बाघ का शिकार कर पाता हैॽ फिल्म में इस पूरे घटनाक्रम को बहुत रोचक ढंग से दिखाया गया है।
फ़िल्म का निर्माण आशुतोष पाठक ने किया है। वह शिकारी नेपाल सिंह की भूमिका में भी नजर आ रहे हैं। आखेट की शूटिंग झारखंड के पलामू स्थित घने जंगलों में की गई है। यह संयोग है कि फ़िल्म जिस पलामू टाइगर रिजर्व में बाघ के संकटग्रस्त होने की कहानी दिखाती है, वहां 2018 की बाघ गणना में कोई बाघ नहीं मिला। शूटिंग के दौरान अनुभव को साझा करते हुए रवि ने बताया कि सैलानियों को आकर्षित करने के लिए लोग चाय की टपरियों पर बाघ के होने की चर्चा करते हैं, ताकि झांसे में आकर कुछ दिन सैलानी ठहर जाएं और उनके रोज़गार की गाड़ी चलती रहे।
रवि बुले ने बताया कि ‘आखेट’ बाघ के शिकार और इसके पेशे से जुड़े लोगों की जिंदगी के रहस्यों से पर्दे उठाती है। यह उन लोगों की मानसिकता को भी सामने लाती है जो शिकार को खेल समझते हैं। उन्होंने कहा कि फ़िल्म बाघ से जुड़े कई रोचक तथ्यों को सामने लाने के साथ अंततः एक सकारात्मक संदेश देती है।
एपी मूवीटोन्स बैनर तले बनी ‘आखेट’ में आशुतोष पाठक, नरोत्तम बेन और तनिमा भट्टाचार्य मुख्य भूमिकाओं में हैं। संगीत डॉ.विजय कपूर का है और गीत डॉ.अनुपम ओझा ने लिखे हैं। फ़िल्म कुणाल सिंह की कहानी आखेटक पर आधारित है। ‘आखेट’ को हंगामा डॉट कॉम के साथ एयरटेल और वोडाफोन के एंटरटेनमेंट ऐप पर देखा जा सकता है। फ़िल्म जल्द एमएक्स प्लेयर और यूट्यूब चैनल आईआईएफएम हब पर भी आ जाएगी।