Ludo Trailer: अमेज़न प्राइम वीडियो के 'राजकुमार राव' को टक्कर देने आ रहे हैं नेटफ्लिक्स वाले 'राजकुमार राव', जानिए पूरी डिटेल
Ludo Trailer नेटफ्लिक्स की अगली फ़िल्म लूडो दिवाली के मौके पर रिलीज़ हो रही है। राजकुमार राव पंकज त्रिपाठी अभिषेक बच्चन स्टारर फ़िल्म को अमेज़न प्राइम वीडियो की छलांग से टक्कर मिलेगी। ख़ास बात है कि छलांग में भी राजकुमार राव लीड रोल में हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Ludo Trailer: राजकुमार राव ने एक के बाद एक फ़िल्मों के साथ दिवाली को ख़ास बनाने के लिए तैयार हैं। पहले उनकी फ़िल्म छलांग की घोषणा हुई, जो अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने वाली है। अब वह इस दिवाली के मौके पर नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही फ़िल्म 'लूडो' में नज़र आने वाले हैं। वह आ भी रहे हैं और साथ में जबरदस्त एक्टर्स की फौज भी उनके साथ मौजूद है।
जारी हुआ ट्रेलर
नेटफ्लिक्स ने अपकमिंग फ़िल्म 'लूडो' का ट्रेलर जारी कर दिया है। फ़िल्म में राजकुमार राव के अलावा सान्या मल्होत्रा, फातिमा सना शेख, अभिषेक बच्चन, पकंज त्रिपाठी, आदित्य रॉय कपूर और आशा नेगी भी अहम भूमिका में नज़र आने वाले हैं। कुल मिलाकर अनुराग बसु एक मल्टी स्टारर कॉमेडी फ़िल्म लेकर हाज़िर हैं।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक लड़की की किडैनपिंग हो गई है। यह किडनैपर कोई और नहीं बल्कि अभिषेक बच्चन का किरदार है। हालांकि, यह उसकी पहली किडनैपिंग है। वहीं, राजकुमार राव जो कि एक वेटर का किरदार निभा रहे हैं, के सामने भी एक किडनैपिंग का मामला है। उन्हें अपनी पूर्व प्रेमिका के पति को आजाद कराना है। इसके अलावा इन सबके बॉस हैं पंकज त्रिपाठी। ऐसे में सारे किरदार जाने- अजाने में एक ही ओर भाग रहे हैं।
फ़िल्म का ट्रेलर देखकर आपको प्रियदर्शन की किसी कॉमेडी फ़िल्म की झलक मिलेगी। कई किरदार हैं, जो किसी ना किसी तरीके से एक दूसरे से जुड़े हैं। लेकिन कहीं और भगदड़ में फंसे हुए हैं। हालांकि, अंत में सबका गंतव्य निश्चित है।
दिवाली पर होगा बड़ा धमाका
दिवाली के मौके पर ओटीटी पर बड़ा फ़िल्मी क्लैश देखने को मिलने वाला है। डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी स्टारर लक्ष्मी बम रिलीज़ हो रही है। इसके अलावा अमेज़न प्राइम वीडियो पर राजकुमार राव की छंलाग, जिसे हंसल मेहता ने निर्देशित किया है। इसके अलावा नेटफ्लिक्स ने भी अब घोषणा कर ही दी है। देखना कौन-सी फ़िल्म कितना कमाल करके दिखाती है?