Gullak 5 की शांति मिश्रा ने 'मां बहन' से जीता दिल, बोलीं- 'जब फिल्मों में अच्छा काम नहीं...'
अभिनेत्री गीतांजलि कुलकर्णी ने अपनी वेब सीरीज 'गुल्लक 5' और फिल्म 'मां बहन' की एक साथ मिली सफलता पर खुशी जताई है।

HighLights
गुल्लक 5 और फिल्म मां बहन की सफलता से खुश
थिएटर उन्हें व्यस्त रखता है जब सिनेमा में काम नहीं
पति अतुल कुलकर्णी से प्रोजेक्ट्स पर करती हैं चर्चा
दीपेश पांडेय, मुंबई। वेब सीरीज गुल्लक (Gullak 5) से लोकप्रियता पाने वाली अभिनेत्री गीतांजलि कुलकर्णी (Geetanjali Kulkarni) के लिए पिछला सप्ताह खास रहा। जब उनकी वेब सीरीज गुल्लक सीजन 5 के साथ फिल्म मां बहन भी प्रदर्शित हुई और दोनों के लिए वह प्रशंसा बटोर रही हैं। फिल्मों से साथ-साथ लगातार रंगमंच पर भी सक्रिय रहने वाली गीतांजलि बताती हैं, ‘दो प्रोजेक्ट्स साथ आना बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। लोग गुल्लक में मेरी (शांति मिश्रा) भूमिका को तो जानते ही हैं। मां बहन, एक नया काम था। उसके लिए भी प्रशंसा में काफी फोन और मैसेज आ रहे हैं।
अब किसी कलाकार को इतना प्यार मिले तो अच्छा ही लगता है। सुरेश सर (निर्देशक सुरेश त्रिवेणी) और पूजा तोलानी (लेखिका) ने मुझे जब मां बहन की स्क्रिप्ट सुनाई तो मुझे लगा यहां गुल्लक के काम से कुछ अलग है। वह मुझे थोड़ा चुनौतीपूर्ण लगा और उसे करने में मुझे बहुत मजा भी आया। उसमें मैंने अपनी तरफ से भी थोड़ा लंगड़ाने वाली और चश्मा पहनने वाली जैसी कुछ चीजें जोड़ी थी। वो चीजें सुरेश सर को भी अच्छी लगी।’
करियर में अपना मनपसंद काम चुनने की स्वतंत्रता कब मिली?
इस पर गीतांजलि बताती हैं, ‘इस मामले मैं भाग्यशाली रही हूं कि मैंने शुरुआत से ही यही रवैया रखा है कि मुझे जो अच्छा लगेगा वही करूंगी। बहुत कम ऐसा हुआ है कि प्रोजेक्ट मुझे पसंद नहीं है, फिर भी मैंने उसमें काम किया। हां, कभी-कभी ऐसा भी होता है कि काम मुझे पसंद आया, लेकिन लोगों को नहीं आया। नाटक मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा हैं। जब भी मुझे सिनेमा में अच्छा काम नहीं मिलता है, तो मेरे पास नाटकों का विकल्प रहता है। जिसके कारण मैं काम में व्यस्त रहती हूं। ऐसा कभी नहीं होता है कि मुझे किसी फिल्म या प्रोजेक्ट के इंतजार में बैठना पड़ता हो। नाटकों से मेरा मन भर जाता है।’
-1781188070787.jpg)
यह भी पढ़ें- Gullak 5 OTT Release: रोज की चिकचिक के बीच हंसी ठिठोली लेकर आ रही Family Series, कब और कहां होगी स्ट्रीम?
पति कैसे करते हैं मदद?
प्रोजेक्ट्स और सिनेमा को लेकर पति और अभिनेता अतुल कुलकर्णी से चर्चा को लेकर गीतांजलि कहती हैं, ‘नाटक और सिनेमा तो हमारे जीवन का हिस्सा है, हमारा जुनून, हम बिल्कुल उन पर आपस में चर्चा करते हैं। हालांकि, करना वही होता है, जो खुद को अच्छा लगे। मैं उनसे बताती हूं कि मेरे पास फलां प्रोजेक्ट का आफर आया है, आपको क्या लगता है? वह कई चीजों में मेरा मार्गदर्शन करते हैं।
-1781188168908.jpg)
गीतांजलि के आने वाले प्रोजेक्ट्स
इसी तरह जब वह अपने प्रोजेक्ट्स के बारे में मुझसे बताते हैं, तो मैं भी उन्हें सलाह देती हूं। हालांकि, अंतिम निर्णय हमारा अपना ही होता है। उन्हें मेरा गुल्लक का काम भी बहुत पसंद आया। वह तो भोपाल में चौथे सीजन की शूटिंग के दौरान सेट पर भी आए थे।’ वहीं अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में गीतांजलि बताती हैं, ‘आगे मैंने जियो स्टूडियोज की एक शार्ट फिल्म सितारों की साइकिल की है। नेटफ्लिक्स के लिए एक पीला नामक वेब सीरीज कर रही हूं, जो अगले साल आएगी। फिलहाल इसकी शूटिंग चल रही है, इसमें विजय वर्मा (अभिनेता) केंद्रीय भूमिका में हैं।’
