Good Luck Jerry On OTT: जाह्नवी कपूर की फिल्म इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज, जानें- करना होगा कितना इंतजार?
Good Luck Jerry On OTT जाह्नवी कपूर की यह दूसरी फीचर फिल्म है जो सीधे ओटीटी पर आ रही है। उनकी पहली फुल लेंग्थ फिल्म गुंजन सक्सेना है जो नेटफ्लिक्स पर आयी थी। जाह्नवी की पिछली फिल्म रूही सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोविड महामारी के दौर में ग्राहकों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के बीच नजदीकियां काफी बढ़ीं। ओटीटी के प्रचार-प्रसार के साथ फिल्मों का सीधे प्लेटफॉर्म पर आने का सिलसिला भी बढ़ा। कई चर्चित सितारों की फिल्में ओटीटी पर रिलीज हुईं और यह सिलसिला अभी भी जारी है। जाह्नवी के चाहने वालों के लिए गुड न्यूज है कि उनकी अगली फिल्म गुड लक जेरी सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जा रही है।
डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने शुक्रवार का इसका एलान कर दिया। जाह्नवी ने इसकी जानकारी फिल्म के दो पोस्टर शेयर करके दी। जाह्नवी ने अपने फैंस से फिल्म के लिए गुड लक मांगा है। एक्ट्रेस ने लिखा- निकल पड़ी हूं मैं एक नये एडवेंचर पर, गुड लक नहीं बोलेंगे? गुड लक जेरी 29 जुलाई को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम की जा रही है। यह फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार मल्टीप्लेक्स के तहत रिलीज की जा रही है।
View this post on Instagram
सिद्धार्थ सेन निर्देशित गुड लक जेरी थ्रिलर फिल्म है। आनंद एल राय इसके सह-निर्माता हैं। जाह्नवी ने इस फिल्म की शूटिंग मार्च में पूरी की थी। फिल्म में दीपक डोबरियाल, मीता वशिष्ठ, नीरज सूद और सुशांत प्रमुख किरदारों में नजर आएंगे। यह 2018 में आयी तमिल फिल्म Kolamaavu Kokila का रीमेक है।
जाह्नवी की यह दूसरी फुल लेंग्थ फिल्म है, जो सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही है। उनकी पहली फिल्म गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल थी, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। यह फिल्म 2020 में आयी थी। हालांकि, इससे पहले जाह्नवी घोस्ट स्टोरीज से ओटीटी डेब्यू कर चुकी थीं। मगर, यह एंथोलॉजी फिल्म थी, जिसकी एक कहानी में जाह्नवी नजर आयी थीं।
View this post on Instagram
जाह्नवी की लास्ट फिल्म रूही है, जो 2021 में सिनेमाघरों में आयी थी। इस हॉरर फिल्म में राजकुमार राव और वरुण शर्मा जाह्नवी के साथ मुख्य स्टारकास्ट का हिस्सा थे। यह फिल्म सफल नहीं रही। बाद में इसे जियो और नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया था। एक्ट्रेस की आने वाली फिल्मों में मिली, मिस्टर एंड मिसेज माही और बवाल शामिल हैं।