भगवान शिव की मूर्ति के पैर छूते दिखे 'लक्ष्मण' सुनील लहरी कर बैठे एक चूक! यूज़र्स बोले- आपसे ऐसी अपेक्षा ना थी...
सुनील ने बुधवार को दो नई तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वो भगवान शिव की विशाल प्रतिमा के सामने खड़े नज़र आ रहे हैं। भगवान शिव की समाधि की मुद्रा दिखायी गयी है। पहली तस्वीर में सुनील ने प्रतिमा के सामने खड़े होकर सेल्फी ली है।
नई दिल्ली, जेएनएन। रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले एक्टर सुनील इन दिनों सोशल मीडिया पर काफ़ी एक्टिव हैं और अपने जीवन से जुड़े अपडेट फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। पिछले दिनों सुनील अपने लुक के लिए काफ़ी चर्चा में रहे। उनकी बढ़ी हुई दाढ़ी और फिर क्लीन शेव लुक पर फैंस ने ख़ूब प्रतिक्रियाएं दीं, मगर अब एक ऐसी तस्वीर पोस्ट की है, जिस पर उनके फैंस और फॉलोअर्स आपत्ति जता रहे हैं।
सुनील ने बुधवार को दो नई तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वो भगवान शिव की विशाल प्रतिमा के सामने खड़े नज़र आ रहे हैं। काले रंग से बनी प्रतिमा काफ़ी प्रभावशाली है और भगवान शिव की समाधि की मुद्रा दिखायी गयी है। पहली तस्वीर में सुनील ने प्रतिमा के सामने खड़े होकर सेल्फी ली है।
दूसरी तस्वीर में सुनील भगवान शिव की प्रतिमा के चरण स्पर्श कर रहे हैं। लक्ष्मण को शिव के आगे नतमस्तक देख कई फैंस ने ख़ुशी ज़ाहिर की। उनके इस अंदाज़ को पसंद किया और हर हर महादेव के नारे लिखे। सुनील ने इस तस्वीर के साथ लिखा- ओम नम: शिवाय। यह शूटिंग के लिए बनायी गयी भगवान शिव की मूर्ति है।
जहां बहुत से फॉलोअर्स ने मूर्ति के साथ उनकी तस्वीर को पसंद किया, वहीं दूसरी तस्वीर को लेकर आपत्त जतायी। दरअसल, दूसरी तस्वीर में सुनील जूते पहनकर भगवान शिव का चरण स्पर्श कर रहे हैं। यूज़र्स ने इस ओर सुनील का ध्यान आकर्षित करते हुए कमेंट किये।
कुछ कमेंट्स के स्क्रीन शॉट आप नीचे देख सकते हैं। एक यूज़र ने लिखा- जूते तो उतार लेते प्रभु। एक अन्य यूज़र ने लिखा- भले ही यह शूटिंग के लिए बनायी गयी मूर्ति है। लेकिन है मंदिर ही। आप तो लक्ष्मण का किरदार निभा चुके हैं। आपसे ऐसी अपेक्षा नहीं थी।
रामायण धारावाहिक का प्रसारण अस्सी के दशक में दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर हुआ था। यह धारावाहिक बेहद लोकप्रिय रहा था और इसके सभी कलाकारों को देशभर में ज़बरदस्त पहचान और सम्मान मिला था। राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था। सीता के किरदार में दीपिका चिखलिया और रावण के रोल में अरविंद त्रिवेदी थे। पिछले साल लॉकडाउन में रामायण को दूरदर्शन पर दोबारा प्रसारित किया गया था।