Kaun Banega Crorepati: ये है वो सवाल, जिसका सही जवाब देकर मिल सकता है हॉटसीट पर बैठने का मौका
Kaun Banega Crorepati कौन बनेगा करोड़पति के 12वें सीजन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जानते हैं- क्या है चयन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया?
नई दिल्ली, जेएनएन। कौन बनेगा करोड़पति का 12वां सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। अभी सीजन के प्रोमो घर से ही शूट हो रहे हैं और रजिस्ट्रेशन की प्रोसेस भी शुरू हो गई है। अमिताभ बच्चन अब टीवी पर दिखाई देने लगे हैं और कौन बनेगा करोड़पति के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बता रहे हैं। शनिवार रात सोनी टीवी पर प्रसारित हुए एक वीडियो में अमिताभ बच्चन ने शो के लिए रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया और वो सवाल बताया है, जिसका सही जवाब देकर आगे का प्रोसेस शुरू हो पाएगा।
दरअसल, सोनी टीवी पर रात 9 बजे एक सवाल जारी किया जाएगा, जिसका अगले 24 घंटों में सही जवाब देना होगा। सही जवाब देने वाले लोगों में से कुछ लोगों को आगे की प्रोसेस के लिए सलेक्ट किया जाएगा। इन सवालों का जवाब सोनी की ऐप या मैसेज के जरिए दिया जा सकता है। ऐसे में अमिताभ बच्चन ने पहला सवाल बताया, जो कि कोरोना वायरस से जुड़ा हुआ है।
ये है वो सवाल- 2019 में चीन में सबसे पहले कहां पर कोरोना वायरस बीमारी की पहचान की गई थी? इसके ऑप्शन हैं-
A. शेनजोऊ
B. वुहान
C. बीजिंग
D. शंघाई
अब आपको इस सवाल का सही जवाब देना है, जिसके बाद आपके आगे की प्रक्रिया के लिए रास्ता साफ हो पाएगा। अगर आप इस सवाल का सही जवाब जानते हैं तो एसएमएस या SonyLIV ऐप के माध्यम से अपना जवाब दे सकते हैं। SonyLIV ऐप से जवाब देने के लिए ऐप डाउनलोड कर लॉगिन कर अपना जवाब दे दें। वहीं, एसएमएस के जरिए जवाब देने के लिए KBC{space}आपका जवाब (A,B,C or D){space}उम्र{space}लिंग(पुरुष के लिए M, महिला के लिए F और अन्य के लिए O) लिखकर 509093 पर भेज दें।
जवाब रविवार रात 9 बजे तक भेजने आवश्यक हैं। इसके बाद 9 बजे फिर से एक और सवाल पूछा जाएगा, जिसका जवाब भी अगले 24 घंटों में देना है। इससे पहले अमिताभ बच्चन ने एक प्रोमो जारी कर शो के आने की जानकारी दी थी। माना जा रहा है कि शो इस बार अलग हो सकता है और कोरोना वायरस के चलते अलग तरीके से शूट भी किया जा सकता है।