KBC 12: पांचवे करोड़पति बनने से चूके मंगलम कुमार, क्या आपको पता है 1 करोड़ के इस सवाल का जवाब?
सोनी टीवी के सबसे चर्चित रिएलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 12’ को बुधवार को उसका पांचवा करोड़पति मिलते-मिलते रह गया। ग्रेटर नोएडा से आए 20 साल के कंटेस्टेंट मंगलम कुमार ने शानदार खेल खेलते हुए 50 लाख रुपए जीत लिए।
नई दिल्ली, जेएनएन। सोनी टीवी के सबसे चर्चित रिएलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 12’ को बुधवार को उसका पांचवा करोड़पति मिलते-मिलते रह गया। ग्रेटर नोएडा से आए 20 साल के कंटेस्टेंट मंगलम कुमार ने शानदार खेल खेलते हुए 50 लाख रुपए जीत लिए। उनके सामने एक करोड़ का भी प्रश्न रखा गया, लेकिन जवाब न पता होने की वजह से उन्होंने गेम को क्विट करना ही समझदारी समझी और 50 लाख रुपए की भारी धनराशी लेकर अपने घर चले गए।
बुधवार को अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने वाले मंगलम रोलओवर कंटेस्टेंट थे। मंगलवार (19 जनवरी) को वो अपना आधे से ज्यादा खेल खेलकर, तीन लाइफ लाइन की मदद से 6 लाख 40 हज़ार रुपए जीत चुके थे। बुधवार को उन्होंने अपना आगे का गेम 12 लाख 50 हज़ार रुपए के सवाल से शुरू किया। मंगलम प्रश्नों का सही जवाब देते-देते 50 लाख के सवाल तक पहुंच गए और उस प्रश्न का भी सही उत्तर देकर उन्होंने 50 लाख रुपए जीत लिए। मंगलम के सामने 50 लाख रुपए जीतने के लिए जो प्रश्न रखा गया था वो इतिहास से जुड़ा था।
सवाल था : सिंधु घाटी सभ्यता के अवशेषों की हड़प्पा में खुदाई में मुख्य तौर पर किस पुरातत्वविद का योगदान था? इसके जवाब में अमिताभ बच्चन ने चार विकल्प दिए थे-
A) एनके चक्रवर्ती
B) मोर्टिमर व्हीलर
C) गिउसोप फिरलोरे
D) दयाराम साहनी
इस सवाल का सही जवाब था (D) यानी दयाराम साहनी ही था, जिसे मंगलम कुमार ने चुना था।
ये था 1 करोड़ का सवाल : मिलिन्दपन्ह में राजा मिनांडर या मिलिन्द और किस बौद्ध भिक्षुक के बीच हुई चर्चा का वर्णन है? इस सवाल पर मंगलम ने गेम क्विट करने का फैसला किया क्योंकि उन्हें इसका जवाब नहीं पता था। इसका सही जवाब था ‘नागसेन’। 50 लाख रुपए जीतने के बाद मंगलम ने बताया कि वो इन पैसों से 15 लाख रुपए का लोन चुकाएंगे जो उनके पापा ने उनकी पढ़ाई के लिए लिया है।