Bigg Boss 13: बिग बॉस के सेट पर इमोशनल हुए सलमान ख़ान, ये है वजह
Bigg Boss 13 कलर चैनल ने शो का प्रोमो शेयर किया है। जिसमें बताया गया है कि सलमान ख़ान को बिग बॉस के साथ जुड़े हुए 10 साल हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Bigg Boss 13: बिग बॉस के सेट पर सलमान ख़ान लंबे समय से नजर आ रहे हैं। इस सेट पर वह अक्सर घर के सदस्यों पर गुस्सा होते दिख जाते हैं। इस बार कुछ अलग हुआ है। बिग बॉस के सेट पर दबंग अभिनेता सलमान ख़ान भावुक हो उठे। नम आंखों से उन्होंने बिग बॉस को थैंक यू कहा।
मामला यह है कि कलर चैनल ने शो का प्रोमो शेयर किया है। जिसमें बताया गया है कि सलमान ख़ान को बिग बॉस के साथ जुड़े हुए 10 साल हो गए हैं। इसके बाद उसमें सलमान ख़ान से जुड़ी कई फोटेज़ और यादें साझा की गई हैं। इन सबको देखकर सलमान ख़ान भावुक हो गए हैं।
चैनल ने जो प्रोमो जारी किया है, उसमें बिग बॉस सलमान ख़ान से कहते हैं, 'आपके इस सफ़र को 10 साल हो गए हैं। आपने कई बार इस बात को दोहराया है कि आप इस शो से विदा लेना चाहते हैं। लेकिन हमें भी मालूम है कि यह शो और इसके साथ जुड़ी यादें आपके दिल के कितने करीब हैं।' इस पर सलमान ने कहा,'थैंक्यू बिग बॉस'। शो के इस को वीकेंड के वार के समय दिखाया जाएगा। इस दिन ही सलमान ख़ान सेट पर मौजूद होते हैं।
बता दें कि बिग बॉस की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। इस शो के सबसे पहले होस्ट एक्टर अरशद वारसी थे। अरशद ने 3 नवंबर, 2006 से 26 जनवरी, 2007 तक इस शो को होस्ट किया था। साल 2008 में इसके दूसरे सीज़न को शिल्पा शेट्टी ने होस्ट किया था। इसके बाद इस शो से अमिताभ बच्चन का भी नाम जुड़ गया। अमिताभ ने साल 2009 में इसके तीसरे सीज़न को होस्ट किया। इसके बाद सीज़न 4 में इस शो की कमान सलमान ख़ान ने संभाली है।
बिग बॉस-4 से लेकर अब तक यह सफर सलमान के साथ चल रहा है। हालांकि, बीच में ख़बर आई थी कि सलमान इस शो को छोड़ सकते हैं। सलमान भी शो के दौरान कई बार ऐसी इच्छा जता चुके हैं। हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।