Bigg Boss 13: क्या गर्लफ्रेंड आकांक्षा पुरी के कहने पर माहिरा के नज़दीक आये पारस छाबड़ा, जानिए सच
Bigg Boss 13 आकांक्षा ख़ुद सलमान से काफ़ी प्रेरित हैं। कैलेंडर गर्ल्स की रिलीज़ के वक़्त मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि सलमान की प्रेरणा से ही वो फ़िल्मों में आयी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बिग बॉस 13 में पारस छाबड़ा और माहिरा शर्मा का रिश्ता मजबूती के साथ उभरा है। शो में दोनों ना सिर्फ़ एक-दूसरे के साथ वक़्त बिताते हैं, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर काम भी आते हैं। पारस ने शुरुआत में शहनाज़ गिल के क़रीब होने की कोशिश की थी, मगर बाद में उन्होंने माहिरा से अपना कनेक्शन बना लिया था। घर में पारस की प्लेबॉय इमेज को लेकर उनकी गर्लफ्रेंड आकांक्षा पुरी ने दिलचस्प खुलासा किया है।
दरअसल, रविवार को हुए वीकेंड का वार एपिसोड में कुछ कंटेस्टेंट्स के परिवार वालों और दोस्तों को बुलाया गया था। पारस की तरफ़ से आकांक्षा पुरी पहुंचीं। सलमान ने शो में पारस और माहिरा के संबंधों को लेकर आकांक्षा को चिढ़ाने की कोशिश की तो आकांक्षा ने खुलासा किया कि पारस एक स्ट्रेटजी के तहत अपनी प्लेबॉय वाली इमेज बनाकर चल रहे हैं। आकांक्षा ने बताया कि शो में आने से पहले दोनों ने स्ट्रेटजी पर चर्चा की थी। पिछले शो में पारस की प्लेबॉय इमेज को दर्शकों ने काफ़ी पसंद किया था, लिहाज़ा बिग बॉस में उसी को जारी रखने का बात तय की।
आकांक्षा ने बताया कि यह उन्हीं का फ़ैसला था। सलमान से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने बताया कि पारस के साथ वो 3 साल से रिलेशनशिप में हैं। आकांक्षा ने यह भी कहा कि शहनाज़ के मुक़ाबले पारस के लिए माहिरा बेहतर पार्टनर हैं। आकांक्षा पारस को शो के विजेता के रूप में देखती हैं।
आकांक्षा भोपाल की रहने वाली हैं और मनोरंजन की दुनिया में काफ़ी समय से सक्रिय हैं। 2013 में उन्होंने तमिल फ़िल्म Alex Pandian से एक्टिंग की दुनिया में अपनी पारी शुरू की थी। 2015 में वो मधुर भंडारकर की कैलेंडर गर्ल्स की लीड कास्ट का हिस्सा बनीं।
आकांक्षा फ़िलहाल दक्षिण भारतीय सिनेमा में सक्रिय हैं। आकांक्षा ख़ुद सलमान से काफ़ी प्रेरित हैं। कैलेंडर गर्ल्स की रिलीज़ के वक़्त मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि सलमान की प्रेरणा से ही वो फ़िल्मों में आयी हैं।