विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रोजी-रोटी जुटाने की चुनौती...', कभी काम को तरसीं अर्चना पूरन सिंह, कॉमेडी से हटकर चुन रहीं किरदार

By priyanka singhEdited By: Rinki Tiwari
Published: Thu, 09 Apr 2026 08:37 AM (IST)

एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह ने द ग्रेट इंडियन कपिल शो के पांचवें सीजन और अपने करियर को लेकर खुलकर बात ...और पढ़ें

चुनौतियों पर बोलीं अर्चना पूरन सिंह। फोटो क्रेडिट- एक्स

चुनौतियों पर बोलीं अर्चना पूरन सिंह। फोटो क्रेडिट- एक्स

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रियंका सिंह, मुंबई। कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ (The Great Indian Kapil Show) का चौथा सीजन खत्म हो चुका है और अगले की तैयारी है। खुद को सिर्फ कॉमेडियन नहीं, बल्कि संपूर्ण कलाकार के रूप में स्थापित कर रही अर्चना पूरण सिंह (Archana Puran Singh) अब करियर के नए पड़ाव पर हैं, जहां वह कई प्रोजेक्ट कर रही हैं...

अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह अब अपने करियर के नए पड़ाव पर हैं, जहां वह खुद को सिर्फ कॉमेडियन नहीं, बल्कि एक संपूर्ण कलाकार के रूप में स्थापित कर रही हैं। वह मानती हैं कि बिना जोखिम उठाए न तो कुछ नया किया जा सकता है और न ही आगे बढ़ा जा सकता है। 

आखिरी दम तक काम करेंगी अर्चना

कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो का चौथा सीजन खत्म हो चुका है। अगले सीजन से पहले अर्चना के कई प्रोजेक्ट रिलीज के लिए तैयार हैं। अर्चना कहती हैं कि मुझे पता है कि मैं आखिरी दम तक काम करती रहूंगी। वैसे भी अभिनय मुझे काम नहीं लगता, क्योंकि इसे करने में मुझे मजा आता है।

Archana Puran Singh Career

कभी हार नहीं मानती हैं अर्चना

यह बात सच है कि मैं पहले बहुत फिल्में नहीं कर पाती थी, क्योंकि कपिल शर्मा के शो के सौ एपिसोड साल में शूट होते थे और समय नहीं मिलता था। फिर भी मैंने अभिनय को लेकर कभी हार नहीं मानी। एक बार जो आर्टिस्ट बन जाता है, वह हमेशा आर्टिस्ट ही रहता है। मैं अब काफी समय बाद कलाकार के तौर पर काफी काम कर रही हूं, हालांकि मैं वही ऑफर्स स्वीकार कर रही हूं, जिनमें मुझे काम करने में मजा आए।

कॉमेडी से हटकर रोल्स चुन रहीं एक्ट्रेस

क्या कॉमेडी से अलग रोल ढूंढना आज भी अर्चना के लिए कठिन है? इस पर वह कहती हैं कि मेरी आने वाली फिल्में और सीरीज में मैंने कॉमेडी रोल नहीं किए हैं। यह बतौर कलाकार मेरे लिए बड़ी जीत है कि अब मेकर्स मुझे सिर्फ कॉमेडियन नहीं, बल्कि एक कलाकार के रूप में देख रहे हैं।

टोस्टर में नजर आएंगी अर्चना पूरन सिंह

मैंने हाल ही में विक्रांत मैसी के साथ एक फिल्म की शूटिंग पूरी की है। उसके अलावा आदर्श बाल विद्यालय वेब सीरीज में काम करने का अनुभव संतोषजनक रहा। राजकुमार राव (Rajkummar Rao) के साथ काम करना मेरा सपना था। टोस्टर फिल्म में वह भी पूरा हुआ। राजकुमार और विक्रांत जैसे युवा और समर्पित कलाकारों के साथ काम करके मैं बहुत कुछ सीख रही हूं। अच्छा भी लगता है जब मेरी ऊर्जा, उनकी युवा ऊर्जा के साथ मिलती है।

कभी काम को तरसीं एक्ट्रेस

करियर के इतने सालों में पीछे मुड़कर देखने पर अब करियर का कौन सा पड़ाव सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण लगता है? इस पर अर्चना कहती हैं कि हर पड़ाव तक पहुंचने की अपनी चुनौतियां होती हैं। जब काम नहीं मिलता था, तो रोजी-रोटी जुटाने की चुनौती थी। जब अच्छा काम नहीं मिलता था, तो इस इंडस्ट्री में टिके रहने की चुनौती थी। जब बच्चे हुए, तो मां और करियर के बीच संतुलन साधना चुनौतीपूर्ण लगा था। हर मोड़ पर चुनौतियां आईं, लेकिन उनसे बिना डरे और हार माने, उन्हें हराना ही असली सफलता है।

Archana singh

यूट्यूब से अर्चना की दूरी

पिछले दिनों अपने यूट्यूब चैनल से भी अर्चना ने ब्रेक ले लिया। यह कदम जोखिम भरा नहीं लगा कि सब्सक्राइबर्स दूर हो जाएंगे? इस पर अर्चना कहती हैं कि पिछले एक साल में मैंने दो फिल्में, दो ओटीटी सीरीज और करीब सौ यूट्यूब एपिसोड बनाए हैं। यह सब मैंने तब किया जब मेरा हाथ टूटा हुआ था और मैं सीआरपीएस (कॉम्प्लेक्स रीजनल पेन सिंड्रोम, जो एक प्रकार का दीर्घकालिक दर्द है, जो आमतौर पर हाथ या पैर को प्रभावित करता है) जैसी बहुत दर्दनाक स्थिति से भी गुजर रही थी।

यह भी पढ़ें- अर्चना पूरन सिंह को हुआ CRPS सिंड्रोम, नहीं है इसका कोई ईलाज, परेशान हुआ बेटा

20 की उम्र में लिया था जोखिम

असली रिस्क तो यह था कि अगर मैं ब्रेक नहीं लेती, तो शायद मैं खुद ही टूट जाती। बिना जोखिम लिए आप नया करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे और न ही आगे बढ़ पाएंगे। मैंने हमेशा अपनी जिंदगी में कुछ अलग किया है। 20 साल की उम्र में अकेले मुंबई आ गई थी। इससे बड़ा जोखिम और क्या हो सकता है। सबसे बड़ा जोखिम मेरे माता-पिता ने लिया, खैर, उसे मैं जोखिम से ज्यादा उनका भरोसा मानती हूं, जो उन्होंने मुझ पर किया था।

यूट्यूब पर शुरू कर रहीं नया सफर

मेरा प्रयास है कि अपने यूट्यूब के दर्शकों के लिए मैं कुछ नया लेकर आऊं। घर में हम आपस में कई आइडियाज पर मीटिंग भी कर चुके हैं। किसी को एक आइडिया अच्छा लगता है, तो दूसरे को नहीं। एक-दो ऐसे आइडियाज पर हम सहमत हो पाए हैं। किसी भी चीज को अच्छे से बनाने में वक्त लगता है।

उम्मीद है कि मेरे दर्शक धैर्य से हमारी प्रतीक्षा करेंगे। द ग्रेट इंडियन कपिल शो अपने पांचवे सीजन की ओर बढ़ रहा है। क्या हर सीजन अर्चना को एक आर्थिक सुरक्षा का अहसास कराता है? इस पर सहमत‍ि जताते हुए कहती हैं कि यह शो मेरी जिंदगी का बहुत अहम हिस्सा है, जिसने सालों से मुझे आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ बहुत इज्जत और दर्शकों का प्यार भी दिया है।

यह भी पढ़ें- क्या चोट ठीक होने के बाद भी नहीं जा रहा दर्द? हो सकता है CRPS, जिसका शिकार हुईं अर्चना पूरन सिंह