फिल्मों में पार्टी सॉन्ग पर जमकर नाचती हैं अनुष्का, रियल लाइफ में पार्टी से ब्रेकअप
इम्तियाज की यह फिल्म 4 अगस्त को रिलीज़ होगी जिसमें शाहरुख़ खान अहम भूमिका में हैं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। अनुष्का शर्मा की पिछली फिल्मों पर गौर करें तो 'ऐ दिल है मुश्किल' का ब्रेकअप सॉन्ग काफी हिट रहा था। फिल्म में इस गाने में अनुष्का लाउड म्यूजिक पर रणबीर के साथ मस्ती करतीं खूब नजर आईं। फिर 'जब हैरी मेट सेजल' में भी वह एक पब के गाने में थिरकती नज़र आ रही हैं। लेकिन रियल लाइफ में अनुष्का के बारे में यह बात जान कर आप हैरान हो जायेंगे।
भले ही अनुष्का बॉलीवुड की पार्टियों में खूब नज़र आती हों। लेकिन उन्हें रियल लाइफ में पार्टी में जाना या जाकर लाउड म्यूजिक पर डांस करना बिल्कुल पसंद नहीं हैं। यह बात खुद अनुष्का शर्मा ने स्वीकारी है। वह कहती हैं कि दिल्ली में मैं पहली बार डिस्को थेक में गयी थी। लगा था, वहां खूब मस्ती होती होगी। लोग कितनी मस्ती करते होंगे और सोचा करती थी कि जब भी पूरी फ्रीडम मिलेगी और पैसे होंगे तो हर दिन पार्टी करूंगी और डांस करूंगी। पर जब पहली बार एक्सपीरियंस किया, तभी से बोर हो गयी। फिर खुद ही सोचने लगी कि ऐसा क्या होता है। सब लोग तो सिर्फ नाचते रहते। किसी को किसी की बात सुनाई भी नहीं देती। ये कैसी मस्ती है। उस दिन के बाद से मैंने पार्टीज़ में जाना भी कम कर दिया और डांस वांस तो बिल्कुल ही छोड़ दिया। अब अगर दोस्तों की पार्टी है तो जाती हूं, लेकिन लाउड म्यूजिक पर डांस मुझसे नहीं होता।
यह भी पढ़ें: दादा राज कपूर की 67 साल पुरानी ये चीज बनी रणबीर की अनमोल धरोहर
अनुष्का आगे कहती हैं कि मुझे ऐसे भी अपने क्लोज फ्रेंड्स के साथ सिंपल घर में बैठ कर बातचीत करना पसंद है। वह मेरे लिए ज्यादा मस्ती होती है। यह नहीं कि अपनी ही धुन में हैं। किसी की सुने नहीं कुछ। मैं बिल्कुल सिंपल हूं और सिंपल चीजें ही पसंद करती हूं। हालांकि 'जब हैरी मेट सेजल' के गाने के बारे में कहती हैं कि इम्तियाज ने अलग अंदाज में इसे फिल्माया है और शूटिंग के दौरान मजा आया। इम्तियाज की यह फिल्म 4 अगस्त को रिलीज़ होगी जिसमें शाहरुख़ खान अहम भूमिका में हैं।