The Sky Is Pink Box Office Collection Day 2: प्रियंका चोपड़ा की फ़िल्म की कमाई में दूसरे दिन उछाल, अब हो गये इतने करोड़
The Sky Is Pink Box Office Collection Day 2 ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म 10 करोड़ तक जमा कर सकती है। द स्काई इज़ पिंक को वॉर से भी भरपूर टक्कर मिल रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा की फ़िल्म द स्काई इज़ पिंक ने बॉक्स ऑफ़िस पर धीमी शुरुआत की। पहले दिन फ़िल्म का कारोबार उम्मीद से भी कम रहा, लेकिन दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आने की रिपोर्ट्स हैं।
द स्काई इज़ पिंक के ज़रिए प्रियंका चोपड़ा ने 3 साल बाद भारतीय सिनेमा के पर्दे पर वापसी की है। बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, 11 अक्टूबर को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने 2.51 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो पूर्वानुमानों से कम रही। ट्रेड जानकारों का अनुमान था कि फ़िल्म पहले दिन कम से कम तीन करोड़ की कमाई ज़रूर करेगी। रिलीज़ के दूसरे दिन फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और बॉक्स ऑफ़िस पर 3.90 करोड़ का कलेक्शन किया है। दो दिनों में अब द स्काई इज़ पिंक का कलेक्शन 6.41 करोड़ हो गयी है।
रविवार को कलेक्शंस में और उछाल आने की सम्भावना जताई जा रही है। इस आधार पर माना जा रहा है कि ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म 10 करोड़ के पड़ाव को पार कर सकती है। द स्काई इज़ पिंक को वॉर से भी भरपूर टक्कर मिल रही है, जो अभी तक सिनेमाघरों में मजबूती के साथ बनी हुई है।
द स्काई इज़ पिंक को शोनाली बोस ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में फ़रहान अख़्तर, ज़ायरा वसीम और रोहित सर्राफ ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। फ़िल्म की कहानी एक रियल लाइफ़ मोटिवेशनल स्पीकर से प्रेरित है, जिसे एक रेयर बीमारी होती है। फ़िल्म में यह किरदार ज़ायरा वसीम ने निभाया है। प्रियंका और फ़रहान माता-पिता के रोल में हैं। प्रियंका ने इस फ़िल्म का सह निर्माण भी किया है।
प्रियंका चोपड़ा ने इस फ़िल्म को जमकर प्रमोशन किया। मीडिया इंटरव्यूज़ के साथ उन्होंने टीवी शोज़ में भी जमकर प्रमोट किया है। प्रियंका की कमबैक फ़िल्म को क्रिटिक्स ने भी अच्छा रिस्पांस दिया और उनके अभिनय की जमकर तारीफ़ की।
प्रियंका की पिछली रिलीज़ 2016 में आयी जय गंगाजल है, जिसने पहले दिन लगभग 5 करोड़ का कलेक्शन किया था। प्रकाश झा के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में प्रियंका ने पहली बार पुलिस अफ़सर की भूमिका निभायी थी।