Samrat Prithviraj Box Office: मंगलवार को कुछ संभली अक्षय कुमार की फिल्म, मगर दिल्ली अभी दूर! जानें- 5 दिनों की कमाई
Samrat Prithviraj Box Office Collection Day 5 डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित सम्राट पृथ्वीराज की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार अब ढीली होने लगी है। वर्किंग वीक में फिल्म उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही है। सम्राट पृथ्वीराज की आज 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज के कलेक्शंस पहले मंगलवार को नीचे गिरे, मगर गिरावट बहुत ज्यादा नहीं रही। हालांकि, इससे आगे का रास्ता आसान नहीं हुआ है, क्योंकि फिल्म के कलेक्शंस काफी कम हो चुके हैं। सम्राट पृथ्वीराज दर्शकों को आकर्षित करने में विफल रही, जिसके चलते वर्किंग वीक में सम्राट पृथ्वीराज को संघर्ष करना पड़ रहा है।
3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सम्राट पृथ्वीराज ने 7 जून को 4.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ फिल्म का 5 दिनों का नेट कलेक्शन 48.65 करोड़ हो गया है। रिलीज के पहले हफ्ते में चल रही सम्राट पृथ्वीराज ने शुक्रवार को 10.70 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार को 12.60 करोड़ और रविवार को 16.10 करोड़ बटोरे थे। सोमवार को फिल्म के कलेक्शंस में 50 फीसदी से अधिक गिरावट आयी और सिर्फ पांच करोड़ की कमा सकी। मंगलवार को फिल्म के नेट कलेक्शंस में सिर्फ 75 लाख की गिरावट आयी है। सम्राट पृथ्वीराज आज (बुधवार) को 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी।
पहले हफ्ते में ही सम्राट पृथ्वीराज के कलेक्शंस जितनी जेती से गिरे हैं, वो फिल्म की सेहत के लिए शुभ संकेत नहीं है। हालांकि, सम्राट पृथ्वीराज के सामने कारोबार करने के लिए मैदान खुला हुआ था। भूल भुलैया 2 की रिलीज को दो हफ्ते पूरे हो चुके थे। विक्रम और मेजर को छोड़कर कोई बड़ी चुनौती नहीं थी। ये दोनों फिल्में हिंदी बेल्ट में सम्राट पृथ्वीराज के लिए चुनौती नहीं थीं। मगर, इस स्थिति का सम्राट पृथ्वीराज फायदा नहीं उठा सकी।
फिल्म को पहले दिन मल्टीप्लेक्स ऑडिएंस ने तवज्जो नहीं दी। फिल्म के कलेक्शंस का बड़ा हिस्सा छोटे शहरों और कस्बों से आया। फिल्म ने धीरे-धीरे शहरी ऑडिएंस को आकर्षित किया, जिसका असर कलेक्शंस पर भी दिखा। वहीं, कुछ राज्यों में टैक्स फ्री स्टेटस ने भी फिल्म के कलेक्शंस बढ़ाने में मदद की, जिसके चलते सम्राट पृथ्वीराज लगभग 40 लाख का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में कर सकी।
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित फिल्म से मानुषी छिल्लर ने बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू किया है। फिल्म में सोनू सूद और संजय दत्त ने भी अहम किरदार निभाये हैं।